कोविड के प्रसार को कम करने की योजना पर काम करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच शुक्रवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक में एसएसपी ने बताया कि आज से जिले में बिना मास्क घूमने वालों का चालान काटा जाएगा। प्रथम बार में 100 रुपये और दूसरी बार में चालान राशि 500 रुपये होगी। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने निर्देश दिया कि कोरोना संक्रमित मरीज के कम से कम 25 संपर्कियों की जांच की जाए। कोविड जांच को जाने वाली टीम के साथ पुलिस भी रहेगी। थानावार एक नोडल अफसर तैनात किया जाएगा।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि विदेश व अन्य राज्यों से आने वाले व्यक्ति कोविड कंट्रोल रूम के नंबर 05712420100, 05712420101 पर अपने विषय में सूचना अवश्य दें। शहर व प्रत्येक गांव में निगरानी समिति सक्रिय की जाएं। सभी एमओआईसी अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्र पर लक्ष्य के अनुसार कोविड की जांच कराएं। कोरोना कंट्रोल रूम से निगरानी की जाए।
मोहन लाल गौतम महिला चिकित्सालय के सीएमएस को सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रखने, सीडीओ व एसडीएम कोल को दीनदयाल कोविड अस्पताल, एडीएम वित्त को मोहन लाल गौतम महिला चिकित्सालय व एडीएम सिटी को मलखान सिंह जिला अस्पताल का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि शहर में नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम/द्वितीय सभी एसडीएम पुलिस क्षेत्राधिकारी से समन्वय स्थापित करें। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने वाले लोगों को समय पर एवं शांतिपूर्ण ढंग से कोविड चिकित्सालयों में दाखिल करने व उनकी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के लिए चिकित्सा विभाग/प्रशासन के सहयोग के लिए थाना स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिससे कोरोना संक्रमण को रोका जा सके। आज से जिले में मास्क न पहनने वालों के खिलाफ भी चौराहा-बाजार में अभियान चलेगा। पुलिस उनके चालान काटेगी।