साइबर क्राइम (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
अगर आप जागरूक और समझदार हैं, तो आप साइबर अपराध करने वाले अपराधियों के जाल में फंस नहीं सकते हैं। भले ही वह आपको लुभावनी बातों में फंसाने की कोशिश ही क्यों न करें। इसलिए जरूरत है साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने की। आगरा एडीजी जोन के अधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर एक दर्जन साइबर एक्सपर्ट के ऐसे वीडियो उपलब्ध हैं, जो लोगों को हर तरह के साइबर अपराध से जागरूक कर रहे हैं।
यह बातें खुद एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने दो दिन पहले अलीगढ़ दौरे पर मीडिया से बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध लगातार अपडेट हो रहा है। पुलिस भी उसे लेकर बेहद जागरूकता व रोकथाम के प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि उनके यू-ट्यूब चैनल पर देश के साइबर एक्सपर्टों के लिंक पड़े हुए हैं। इन्हें देखने से काफी सावधानी बरती जा सकती हैं। एडीजी बताते हैं कि साइबर अपराध एक ऐसा अपराध है कि जिसमें में बिना हथियार दिखाए या डराए कोई भी साइबर अपराधी आपका धन लूट सकता है। इसलिए इसके प्रति बेहद सावधान रहने की जरूरत है। साइबर अपराध से बचने के लिए अपने सभी तरह के सोशल मीडिया एकाउंट पर टू स्टैप लॉक जरूरी हैं। साथ में किसी भी तरह की कॉल आने पर उसके प्रति बेहद सजग रहने की जरूरत है।
ये भी है जरूरी
अपनी व्यक्तिगत सूचनाएं सोशल साइट्स जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि पर शेयर न करें। क्योंकि इन व्यक्तिगत सूचनाओं के आधार पर अपराधी अपराध करने से चूकते नहीं हैं। वीडियो कॉलिंग के दौरान हमेशा सावधानी बरतनी चाहिए। इसमें आपकी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किया जा सकता है। बाद में साइबर ठग उसी के आधार पर आपको ब्लैकमेल कर सकते हैं।
ये तीन अपराध प्रमुख
- साइबर/वित्तीय फ्राड
- महिला/बच्चों से फ्राड
- सोशल मीडिया फ्राड
साइबर अपराध से बचने के तरीके
- टेलीफोन कॉल पर एटीएम/बैंक अकाउंट संबंधी जानकारी जैसे ओटीपी, सीवीवी नंबर आदि कभी भी किसी से साझा न करें।
- एटीएम बूथ में ट्रांजेक्शन करने जाएं तो इस बात को सुनिश्चित कर लें, एटीएम बूथ में कोई अंजान व्यक्ति मौजूद न हो।
- ट्रांजेक्शन के समय अपने पिन नंबर को छिपा कर अंकित करें। प्रक्त्रिस्या पूरी होने पर ही बूथ को छोड़ें।
- सभी अकाउंट के लिए एक पासवर्ड न रखें।
- पासवर्ड में विशेष अक्षर, गिनती होनी चाहिए।
- जन्मतिथि, नाम, मोबाइल नंबर किसी को शेयर न करें।
- बार-बार पासवर्ड बदलते रहना चाहिए।
- अनजान व्यक्ति को सरकारी योजना के लिए आधार व खाते का नंबर न दें।
- कोई क्यूआर कोड या पेमेंट लिंक भेजता है, तो उसकी जांच किए बगैर भुगतान न करें।
- ओएलएक्स के माध्यम से चीजों को बेचने या खरीदने के लिए क्यूआर कोड या लिंक को सत्यापन के बिना शेयर न करें।
- फेसबुक, इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आती है तो बिना सत्यापन के स्वीकार न करें।
- किसी भी एप्लीकेशन को इंस्टाल करते समय उसकी नीति के बारे में जानकारी कर लें।
- एनी डेस्क या टीम व्यूवर, क्विक सपोर्ट आदि के एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचना चाहिए।