स्कालरशिप नहीं मिलने से नाराज एएमयू के जेडएच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के एमटेक छात्र सड़क जाम कर अनिश्चित कालीन धरना पर बैठ गए हैं। समझाने गए प्रॉक्टोरियल टीम से छात्रों की खूब कहासुनी हुई। निराश होकर प्रॉक्टोरियल टीम को वापस लौटना पड़ा।
आरोप है कि रात दस बजे प्रॉक्टोरियल टीम ने जबरन छात्रों को धरने से उठा दिया। खबर पाकर पहुंचे छात्र नेताओं ने बाब-ए-सैयद का गेट बंद कर प्रदर्शन किया। छात्र खबर लिखे जाने तक प्रॉक्टेरियल टीम को हटाने की मांग पर अड़े रहे।
एमटेक छात्रों को छह महीने से अधिक समय से स्कालरशिप नहीं मिल रहा है। इसको लेकर छात्र कई बार सड़क जाम एवं प्रदर्शन कर चुके है। पिछली बार एएमयू प्रशासन द्वारा 11 फरवरी तक का समय मांगा गया था। अब तक स्कालरशिप की राशि नहीं पहुंचने से नाराज छात्रों ने सोमवार को इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने सड़क जाम कर धरना पर बैठ गए।
सूचना के बाद एएमयू छात्र संघ के अध्यक्ष फैजुल हसन, उपाध्यक्ष नदीम अंसारी एवं सचिव नबील उस्मानी आदि पहुंच गये। प्रॉक्टोरियल टीम द्वारा यूजीसी का हवाला दिये जाने पर नदीम अंसारी भड़क गए और कहा कि यूजीसी के नियम सिर्फ छात्रों के लिए है। प्रमोशन से लेकर नियुक्ति तक में यूजीसी नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है और छात्रों को यूजीसी का नियम दिखाकर चुप कराया जा रहा है। देर रात समाचार लिखे जाने तक छात्रों का धरना जारी था।
एएमयू का गेट जबरन खाेला, फिर बंद
एएमयू छात्र संघ के पदाधिकारियों ने आफताब हॉल के समीप स्थित शमशाद मार्केट की तरफ जाने वाले गेट को जबरन खोल दिया। इसकी वजह से प्रॉक्टोरियल टीम में खलबली मच गई। बाद में प्रॉक्टोरियल टीम द्वारा पुन: गेट पर ताला डाल दिया गया।
उल्लेखनीय है कि कैंपस में कई हिंसक घटनाओं के बाद एएमयू प्रशासन द्वारा आफताब हॉल के पास स्थित गेट पर ताला डाल दिया गया है। इस गेट से सिर्फ पैदल लोग आ-जा सकते है। एएमयू के छात्र हीं नहीं बल्कि कर्मचारी एवं शिक्षक भी इसका विरोध कर चुके है लेकिन सुरक्षा दृष्टिकोण से इसे प्रॉक्टोरियल टीम द्वारा नहीं खोला जा रहा है।
आने वाले समय में यह मामला गरमाने की आशंका है। छात्र संघ चुनाव के दौरान भी छात्र नेताओं ने बंद गेट को खोलवाने का आश्वासन दिया था।