साथ न जी सके तो छोड़ दी दुनिया
- फोटो : अमर उजाला
साथ जीने में परिवार और बिरादरी बाधक बन गई। जिंदगी की छूटी उम्मीदों को पंख लगे थे लेकिन विरोध की दीवारें जब हद से ऊंची हो गईं तो अधेड़ महिला-पुरुष के सामने एक ही रास्ता बचा। रात महिला ने जहर खाकर जान दे दी।
सुबह पुरुष को पता चला तो घरवालों के सामने ही पानी में सल्फाश घोलकर पी गया। हैरत कि किसी परिजन ने उसे रोका, टोका तक नहीं। दोनों की मौत पूरे इलाके में आग की तरफ फैल गई। पुलिस ने दोनों के शव एक साथ पोस्टमार्टम के लिए भेजे। देर शाम गांव में दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामला गंगीरी थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर का है। रामकिशन जाटव (45वर्ष) और बबीता देवी पत्नी स्व. राजेंद्र सिंह (50वर्ष) के बीच पांच साल से प्रेम संबंध थे। रामकिशन की पत्नी 10 साल पहले अपने तीनों बच्चों के साथ छोड़कर चली गई थी। बबीता ने बेटी की शादी कर दी थी। चार लड़के हैं।
जिंदगी के अकेलेपन में दोनों की नजदीकियां बढ़ी थीं और प्रेम इतना गहरा गया था कि अक्सर बबीता के घर ही रामकिशन रहता था। इसी पर आए दिन झगड़ा होता था। दो दिन पहले भी मारपीट तक हुई थी।
रामकिशन के अपना घर छोड़कर साथ न रहने से नाराज बबीता ने शनिवार रात जहर खाकर जान दे दी। रविवार सुबह यह जानकारी हुई तो रामकिशन ने भी सल्फाश घोलकर पी लिया, जिससे मौत हो गई। एसओ रविंद्र कुमार सिंह के अनुसार किसी ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।