अगर आप लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए परिवहन विभाग की नई प्रणाली फेसलेस प्रक्रिया का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले उसके बारे में जान लें, क्योंकि प्रक्रिया के तहत आनलाइन टेस्ट के दौरान अगर आपकी नजर कैमरे से इधर-उधर हुई, या आपके आसपास आवाजें आईं, तो आपका आवेदन निरस्त हो जाएगा।
आरटीओ केडी सिंह ने बताया कि फेसलेस प्रक्रिया के तहत अब लर्निंग लाइसेंस आनलाइन बन रहे हैं। हालांकि अभी शुरुआत में कुछ लोगों को परेशानी आ रही है। बहुत से लोग अब भी आरटीओ दफ्तर के चक्कर लगा रहे हैं। फेसलेस प्रक्रिया के तहत आवेदक को कुछ बातों का ध्यान रखने की आवश्यकता है। आनलाइन टेस्ट के दौरान आवेदक सीधे कैमरे में देखें। आसपास नकल के इरादे से किसी व्यक्ति को न बैठाएं। निर्धारित समय पर सवाल का जवाब दें। कैमरे के सामने बात न करें और इधर-उधर देखने से बचें। गड़बड़ी पकड़े जाने पर आपका आवेदन निरस्त हो सकता है। उन्होंने बताया कि आवेदन करते समय फेसलेस विकल्प चुनना है। उसके बाद आपके नंबर पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी न आने की स्थिति में इंतजार करें। फार्म भरते समय सभी विकल्पों को ठीक से भरें। विकल्प को खाली न छोड़े, नहीं तो आपका आवेदन अधूरा रह जाएगा।