एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते।
- फोटो : CITY OFFICE
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा सांसद सतीश गौतम में हिम्मत है तो अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में लगी मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर हटा दें। जिन्ना को उन्होंने ‘साहब’ कहकर भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी प्रदेश की 100 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
बुधवार को वह एक होटल में पत्रकारों से मुखातिब थे। एएमयू से जिन्ना की तस्वीर हटाने को लेकर भाजपा सांसद सतीश गौतम के बयान पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले भाजपा को अपने वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को पार्टी से निकाल देना चाहिए, जिन्होंने पाकिस्तान में जिन्ना की कब्रिस्तान पर गुलपोशी की थी। उनके शान में कसीदे भी पढ़े थे। रही बात जिन्ना की तस्वीर की, अगर प्रधानमंत्री व सांसद में हिम्मत है, तो वह एएमयू से तस्वीर को निकाल दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि अलीगढ़ जिले में सातों विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। संभावित प्रत्याशियों ने आवेदन करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कई जिलों का दौरा कर रहे हैं, ताकि जहां कुछ भी कमी हो, दूर की जा सके। पूरे प्रदेश में पार्टी समीक्षा कर रही है।
शौकत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को सत्ता से दूर रखना है, तो सभी विपक्षी पार्टियों को एक साथ आना होगा। भाजपा को सपा-बसपा मिलकर नहीं रोक पाएगी, क्योंकि विधानसभा व लोकसभा चुनाव में गठबंधन से कुछ फायदा नहीं हुआ था। अगर प्रदेश में कोई गठबंधन बनता है, उसमें एआईएमआईएम नहीं होगी तो वह गठबंधन भाजपा को रोक नहीं पाएगा, बल्कि ठगबंधन बनकर रह जाएगा। उन्होंने भाजपा व आरएसएस के नेताओं पर गंभीर आरोप भी लगाए।