नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने शनिवार देर सायं नगरीय क्षेत्र में साफ सफाई, फॉगिग, एटी लारवा का छिड़काव, प्रतिबंधित पॉलिथीन के सड़क पर पड़े होने के मामलों की समीक्षा की। उन्होंने इन सभी अनियमितताओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर नगर आयुक्त को तत्काल स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाने की 72 घंटे की समय सीमा निर्धारित की।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शिव कुमार के बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर नगर आयुक्त को जवाब तलब करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि वर्तमान त्योहार सीजन में साफ सफाई बेहद महत्वपूर्ण व्यवस्था है और इस व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर क्षमा नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने प्रतिदिन कूड़ा समय से उठाने मुख्य-मुख्य मार्गोें पर दोनों शिफ्ट में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ-साथ प्रमुख चौराहों पर नियमित सफाई, चूने की व्यवस्था कराने व दीपावली को देखते हुए सड़क किनारे पुराने मलबे, कूड़ा व प्रतिबंधित पॉलिथीन को हटवाए जाने के निर्देश जारी किए। शीत लहर से पूर्व नगर निगम के भुजपुरा, गांधी पार्क जोन-02 और गूलर रोड स्थायी शेल्टर होम में सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्काल पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए।