अलीगढ़ में रोरावर थाना क्षेत्र के शाहजमाल इलाके में एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी पर उस वक्त तेजाब डाल दिया जब वह नमाज पढ़ रही थी। इस वारदात के बाद से आरोपी पति मौके से फरार है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला अपने पति से अक्सर काम-धंधा करने और कमाने के लिए कहती थी। पत्नी का बार-बार काम के लिए टोकना आरोपी पति को नागवार गुजरा और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था।
गुस्से में अंधा हो चुके पति ने शुक्रवार को उस वक्त अपनी पत्नी को निशाना बनाया जब वह घर में नमाज अदा कर रही थी। उसने बेरहमी से महिला के ऊपर तेजाब उड़ेल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सीओ प्रथम संजीव कुमार के मुताबिक पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी पति की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है।