अतरौली के गांव खेड़िया बहादुरगढ़ी में शराब के नशे में धुत युवक ने खुरपी से गर्दन काटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
गांव खेड़िया बहादुरगढ़ी निवासी नीरज पुत्र शंकरलाल मजदूरी करता है। करीब 10 वर्ष पहले उसकी शादी डिबाई के गांव धीमरी निवासी रामप्रसाद की बेटी रितेश देवी के साथ हुई थी। पुलिस के अनुसार नीरज शराब पीने का आदी था। आए दिन शराब पीकर घर पहुंचता था तो पत्नी से झगड़ा होता था। ससुरालीजनों व अन्य परिजनों ने भी उसे कई बार समझाया मगर उसने शराब पीना बंद नहीं किया।
मंगलवार की रात भी वह शराब पीकर घर पहुंचा था। रितेश देवी ने कहासुनी की तो दोनों के बीच झगड़ा हो गया। देर रात करीब दो बजे उसने खुरपी से गर्दन पर वार करके पत्नी की हत्या कर डाली। चीखपुकार सुनकर गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए लेकिन तब तक घटना को अंजाम देकर नीरज फरार हो गया। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।