क्वार्सी थाना क्षेत्र के फत्ते हाजीपुर में 15 फरवरी को सड़क किनारे मृत मिली महिला के हत्याकांड का सोमवार को थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया। महिला के पति और पिता ने ही उसकी अवैध संबंधों के चलते हत्या की थी। शव से लिपटी मिली बेडशीट के आधार पर हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी अभिषेक ने पुलिस लाइन कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि 15 फरवरी को फत्ते हाजीपुर में सड़क किनारे एक पानी भरे गड्ढे में महिला का शव मिला था। महिला के कपड़ों में मिले एक विजिटिंग कार्ड पर लिखे नंबरों पर संपर्क करने पर उसकी शिनाख्त हुई थी। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की हत्या गला दबाकर करने और उसके बाद चेहरा जलाने की बात सामने आई थी। इस मामले में पुलिस छानबीन में लगी थी। महिला के शव से लिपटी बेडशीट को उसकी मां को दिखाने पर पता लगा कि वह 14 फरवरी को महिला मायके में आए पति से अनबन होने पर उसके साथ न रहने की बात कहते हुए घर से निकल गई थी।
उसकी तलाश को गए पति और पिता में से पति उक्त बेडशीट को ओढ़कर तलाशी को गया था। इस पर पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो भेद खुल गया। उसने बताया कि दिल्ली में रहने के दौरान वहां के एक युवक से पत्नी के अवैध संबंध हो गए थे। काफी रोकटोक के बाद भी वह उससे संबंध खत्म करने को तैयार नहीं हुई। इस पर उसे उसके देहली गेट स्थित मायके छोड़ दिया था। 14 फरवरी को वह पत्नी को लेने गया तो उसने प्रेमी के साथ रहने की बात कहते हुए साथ चलने से मना कर दिया था। इसके बाद रात को अचानक से गायब हो गई। ससुर संग तलाश करने पर वह मथुरा रोड पर पुराने बाईपास के पास मिली थी। उसे समझाकर घर वापस चलने को कहा तो उसने साथ आने से मना कर दिया।
इस पर गुस्से में ससुर संग मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। साथ ही पहचान न हो सके, इसलिए शव का चेहरा जला दिया था। इसके बाद शव को बेडशीट में लपेटकर फत्ते हाजीपुर के पास फेंक सड़क किनारे एक पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया था। एसपी सिटी के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। महिला के प्रेमी से भी संपर्क किया गया। मगर, इस हत्याकांड में उसकी अभी तक कोई भूमिका सामने नहीं आई है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में इंस्पेक्टर विनोद कुमार, एसएसआई राजीव कुमार सिंह, एसआई बृजेश चौधरी, कांस्टेबल जुगेंद्र सिंह और देवप्रताप शामिल रहे।