फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साथियों को पीटने पर रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों छात्रों का हंगामा

Thu, 28 Sep 2017 01:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूूराे
विज्ञापन
रेलवे स्टेशन पर हंगामा कर रहे छात्रों को समझाते छात्र नेता। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
कालका मेल में बुधवार को महिला से हुई छेड़छाड़ के बाद उसके परिजनों ने दो छात्रों को मारपीट कर कोच से बाहर खदेड़ दिया। साथियों के साथ हुई मारपीट की खबर सोशल मीडिया पर मिलते ही सैकड़ों छात्रों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। इससे यात्रियों में दहशत हो गई। एसपी सिटी कई थानों की फोर्स के साथ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। स्टेशन छावनी में तब्दील हो गया। बवाल की आशंका को भांपकर पुलिस-प्रशासन ने आरोपी छात्र और पीड़ित मुसाफिरों को हाथरस रेलवे स्टेशन पर  उतार लिया। हाथरस जीआरपी चौकी में ही मुकदमा दर्ज होने की कार्रवाई होने लगी। 
विज्ञापन


हाथरस पुलिस के अनुसार यह घटना कालका मेल के एस 5 कोच में हुई। स्थानीय विश्वविद्यालय के एमबीए छात्र सिराज नासिर निवासी अलीगढ़ और उनके साथ आदिल पुत्र अब्दुल सलाम निवासी आजमगढ़ ने बताया कि उनके पास अलीगढ़ तक का एसी और स्लीपर दोनों का टिकट था। एसी टिकट कन्फर्म नहीं होने पर वह स्लीपर में सफर कर रहे थे। छुट्टी पर अलीगढ़ आ रहे थे और पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। इस ट्रेन में हावड़ा से कुछ बंगाली परिवार शिमला जा रहे थे। 

एएमयू छात्रों का कहना है कि वह दोनों विंडो सीट पर थे। झारखंड में धनबाद स्टेशन के बाद नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेशन पर उन्होंने विंडो से चाय लेनी चाही, लेकिन विंडो कुछ छोटी थी तो चाय वाले ने दूसरी विंडो से आकर चाय लेने को कहा। दूसरी विंडो से चाय लेने जा रहे थे। तभी एक बंगाली युवक ने उन्हें थप्पड़ मारना शुरू कर दिया और हाथापाई की। बंगालियों ने उन्हें आगे की दो बोगियों तक दौड़ा दिया, जबकि उनकी तरफ से कोई बात नहीं हुई थी। 
विज्ञापन


दूसरे पक्ष के राजीव कुमार विश्वास पुत्र निर्मलचंद्र विश्वास निवासी दुर्गापुर पश्चिम बंगाल का कहना है कि उनके साथ करीब 40 लोग इस ट्रेन से हावड़ा से चंडीगढ़ जा रहे हैं। पूरी बोगी बुक की गई थी। चंडीगढ़ से इन सभी को शिमला (हिमाचल प्रदेश) जाना है। राजीव का आरोप है कि इन छात्रों ने उनके साथ की एक महिला से छेड़खानी की। इसी के बाद मारपीट हुई। छात्रों ने पुलिस के वॉट्सएप पर शिकायत कर दी। जबकि छात्रों का कहना था कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं डाली। टूंडला से जीआरपी की टीम ट्रेन से हाथरस जंक्शन आई और यहां ट्रेन रुकते ही दोनों पक्षों को उतार लिया।

अलीगढ़ में इसकी खबर मिलते ही छात्रों की भीड़ कैंपस से रेलवे स्टेशन पहुंच गई। स्टेशन पर अचानक छात्रों की भीड़ देखकर जीआरपी और आरपीएफ  ने इसकी सूचना तत्काल जिला पुलिस को दी। आरपीएफ  के एएससी पीसी पंजाबी, इंस्पेक्टर आरपीएफ  नवल किशोर मय फोर्स मुस्तैद हो गए। जीआरपी के जवान सुरक्षा की दृष्टि से हेल्मेट, बाडी प्रोटेक्टर के साथ प्लेटफार्म पर तैनात हो गए। एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव दो सीओ और कई थानों की फोर्स, स्वैट टीम के साथ रेलवे स्टेशन पर आ गए। कुछ ही देर में रेलवे स्टेशन छावनी में बदल गया।

छात्रों ने स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने कई बार छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। छात्र मारपीट का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। जब हाथरस में ही मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू हुई तो अलीगढ़ में छात्र शांत हुए। कालका एक्सप्रेस के अलीगढ़ से गुजरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें