नए साल के जश्न को लेकर पुलिस स्तर से महानगर में सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके तहत मंगलवार शाम से ही पुलिस की शहर के प्रमुख बाजारों में सक्रियता बढ़ जाएगी। साथ में खुले में शराब पीने व शराब पीकर वाहन चलाने पर विशेष रूप से कार्रवाई की जाएगी। इसलिए अगर आप 31 दिसंबर की रात वर्ष 2025 की विदाई और 1 जनवरी को नव वर्ष 2026 के स्वागत को लेकर एंजॉय करने की प्लानिंग कर रहे हैं। तो नियमों का भी ध्यान रखें।
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक के अनुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों, मुख्य मार्गों, बाजारों, भीड़ वाली जगहों व सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर नजर बनाए रखेंगी। एंटी रोमियो स्क्वायड व यूपी 112 की गाड़ियां पूरी रात दौड़ती हुईं दिखेंगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। खुले में भी शराब पीने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा प्रमुख बाजारों, होटलों पर भी नजर रहेगी। कहीं कोई कानून तोड़ने संबंधी हरकत नहीं होने दी जाएगी।