ग्रीनपार्क कॉलोनी में घर में लगे सबमर्सिबल से निकलते गर्म पानी को दिखाते शिशुपाल सिंह।
- फोटो : Amar Ujala
रामघाट रोड पर ग्रीन पार्क कॉलोनी के पास एक बस्ती में सबमर्सिबल से गर्म पानी आना स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है। हालांकि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के भूगर्भ विज्ञान विभाग के विज्ञानी इसे सामान्य बात बता रहे हैं, लेकिन आसपास के लोग इसे जिज्ञासा से देखने आ रहे हैं।
बिजली विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय के पीछे ग्रीन पार्क कालोनी के पास बस्ती में शिशुपाल सिंह का मकान है। वे भैंसा बुग्गी चलाने का काम करते हैं। करीब छह महीने पहले इन्होंने अपने यहां पर सबमर्सिबल पंप लगवाया।
शिशुपाल सिंह का कहना है कि पिछले करीब 15-20 दिनों से उनके सबमर्सिबल से गर्म पानी आ रहा है। यह सामान्य से थोड़ा सा अधिक गर्म है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा है। इस संबंध में एएमयू के भूगर्भ विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ. लियाकत कुंवर राव कहते हैं कि इन दिनों सर्दियों के मौसम में भूजल का गर्म होने का अहसास होना सामान्य बात है।
दूसरी बात यह है कि जमीन के अंदर कभी-कभी भूगर्भ क्रियाएं होती रहती हैं, जिससे वहां के पानी का ताप कभी बढ़ जाता है जो कुछ दिनों में सामान्य हो जाएगा। तीसरी इस बात की संभावना बहुत अधिक है कि सबमर्सिबल पंप की मोटर हीट कर रही हो। चूंकि वह पानी में डूबी रहती है तो उससे पानी सामान्य से अधिक गर्म हो रहा हो। चूंकि पानी में डूबी रहती है तो वह पानी से ठंडी हो जाती है इसलिए चल रही है।