दिल्ली में पेंट करने के दौरान एक युवक नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान कुछ देर बाद ही अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया लेकिन एक लाख रुपये का खर्च बता अस्पताल प्रशासन ने चार दिनों तक शव अपने कब्जे में रखा। किसी तरह परिजन रुपयों का इंतजाम कर पाए तब जाकर रविवार को उन्हें शव मिला। गांव लाकर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
मृतक के भाई विजय सिंह ने बताया कि यह मामला दिल्ली के एक निजी अस्पताल का है। अलीगढ़ के पालीमुकीमपुर थाना क्षेत्र के गांव खेड़िया ताल्लुक लोहगढ़ निवासी रौदास पुत्र शेर सिंह दिल्ली में रंगाई पुताई का काम करते थे। 17 जुलाई को वह एक झूले पर चढ़कर पेंट कर रहे थे। पैर फिसलने से वह ऊपर से नीचे आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था जहां कुछ देर इलाज के बाद रौदास की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अस्पताल प्रशासन ने इलाज में एक लाख रुपये का खर्च बताकर रुपये मांगे। चार दिन में रुपयों का इंतजाम हो सका, तब अस्पताल ने परिवार को शव दिया। रौदास की मौत से परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल था।