निशुल्क राशन वितरण योजना के लाभ से वंचित लोगों को चिन्हित किया जाएगा। साथ ही इस योजना का बेघर लोगों के अलावा किन्नरों व सेक्स वर्करों को लाभ मिलेगा। पेट्रोल पंपों पर घटतौली व मिलावट की भी जांच होगी।
डीएसओ शिवाकांत पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत शासन का जोर समाज के प्रत्येक तबके को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अपात्रों के नाम सूची से हटाए जाएंगे। इसके लिए राशन कार्ड सरेंडर कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सेक्स वर्करों के नाम व पतों को पूरी तरह गोपनीय रखने के साथ ही उनके व बच्चों के आधार कार्ड बनवाए जाएंगे। डीएसओ ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर घटतौली व मिलावटखोरी की शिकायतों पर शासन ने नियमित जांच करने व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
24 तक हो सकेगा राशन का वितरण
अलीगढ़। डीएसओ शिवाकांत पांडेय ने बताया कि अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को 12 से 20 अप्रैल तक कराए जाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न का आवंटन न होने से सभी लाभार्थियों को राशन का वितरण नहीं हो सका है। अवशेष लाभार्थियों को खाद्यान्न का निशुल्क वितरण कराए जाने के लिए 24 अप्रैल तक तिथि विस्तारित कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
राशन दुकानदारों को भी लेना होगा लाइसेंस
अलीगढ़। जिले में बिना लाइसेंस चल रहीं राशन दुकानों के संचालकों को अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) में पंजीकरण कराने के साथ ही लाइसेंस भी लेना होगा। राशन डीलरों को लाइसेंस लेना अनिवार्य किया गया है। ऐसा न करने वाले दुकानदारों के खिलाफ एफएसडीए कार्रवाई करेगा। डीएसओ शिवाकांत पांडेय ने बताया कि शासन के निर्देश पर लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सभी तहसीलों व ब्लॉकों में राशन डीलर की सूची तैयार करायी जा रही है।