मिश्रित आबादी वाले अतिसंवेदनशील शहर में चुनाव परिणाम जारी होने के ठीक अगले दिन होली को लेकर पुलिस प्रशासनिक स्तर पर अमला चिंतित है। कहीं होली रंग में भंग न कर दे। इस तरह की आशंकाओं को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर में आठ प्वाइंटों पर सीसीटीवी सक्रिय कराए जा रहे हैं और पुराने शहर में दो ड्रोन कैमरों से हुड़दंगियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इस संबंध में शनिवार को एसपी सिटी ने एआरओ व सीसीटीवी लगाने वाली एजेंसी के इंजीनियर संग बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
महानगर में वैसे तो एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर पुलिस स्तर से सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनका कंट्रोल पुलिस कंट्रोल रूम से होता है। मगर पिछले कुछ दिन से आठ सीसीटीवी खराब पड़े हैं, जिनकी समीक्षा करने के बाद शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने इंजीनियर को बुलाकर 8 मार्च से पहले इन्हें शुरू कराने के निर्देश दिए हैं, जिसके लिए ढाई लाख रुपये का बजट भी मुहैया कराया गया है।
इस दौरान आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए। पुलिस का फोकस है कि त्योहार पर मतगणना के बाद परिणाम भी जारी होंगे। ऐसे में किसी तरह की समस्या न होने पाए। इधर, दो ड्रोन कैमरे भी सक्रिय रहेंगे।
होली स्पेशल आइटमों की सैंपलिंग के आदेश
होली के त्योहार पर दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग सघन अभियान चलाएगा। इसके तहत् होली स्पेशल आइटम विक्रेताओं के यहां चेकिंग की जाएगी। मंडल के चारों जिलों एटा, कासगंज, हाथरस एवं अलीगढ़ के जिला अभिहित अधिकारियों एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की बैठक लेते हुए असिस्टेंट कमिश्नर फूड अखिलेश गुप्ता ने यह निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए। खोआ, दूध, मिठाई समेत अन्य होली स्पेशल आइटमों की चेकिंग की जाए और यदि दूषित पदार्थ का शक हो तो तत्काल सैंपल लेकर जांच कराई जाए। उन्होंने विक्रेताओं के रजिस्ट्रेशन शत प्रतिशत करने तथा बड़े दुकानदारों के प्राथमिकता के आधार पर लाइसेंस बनाए जाने को कहा। यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई बड़ा दुकानदार मात्र रजिस्ट्रेशन कराकर उपभोक्ता वस्तुओं को बेचता पाया जाय तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाए। इस मौके पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी समेत चारों जिलों के जिला अभिहित अधिकारी एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद थे।
होली पर शांति बनाए रखने के िलए खाकी जनता के द्वार
होली के त्योहार को शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने के लिए खाकी ने लोगों के बीच जाना शुरू कर दिया है। शनिवार को मामू-भांजा मार्केट में पुलिस ने व्यापारियों के साथ बैठक की और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने को सहयोग मांगा। शनिवार को मामू-भांजा मार्केट स्थित इलेक्ट्रोनिक एवं इलैक्ट्रीकल एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह ने सभी व्यापारियों से आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। महामंत्री हेमंत गर्ग ने कहा कि होली पर व्यक्ति में उमंग एवं उत्साह का स्वयं ही आ जाता है, लेकिन इस बीच सौहार्द की भावना को नहीं भूलना चाहिए। हमें ऐसी कोई हरकत नहीं करनी चाहिए, जिससे कि शांति भंग हो। गांधी नगर चौकी प्रभारी जेपी यादव ने कहा कि मार्केट में सुबह से लेकर शाम तक भीड़ रहती है। ऐसे में यदि कोई असामाजिक तत्व सौहार्द को बिगाड़ने की फिराक में घूमता दिखाई दे, तो व्यापारियों पुलिस को तत्काल सूचना दें। इस मौके पर प्रमोद अग्रवाल, ओम प्रकाश मास्टर, योगेश अग्रवाल, दिनेश गुप्ता, पंकज अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, इरशाद एवं अंकित अग्रवाल मौजूद थे।
त्योहार पर ही क्यों याद आती है सैंपलिंग की
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की इंदिरा मार्केट स्थित कार्यालय पर हुई बैठक में महानगर अध्यक्ष ज्ञानचंद्र वार्ष्णेय ने कहा कि व्यापारी सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटते-काटते थक जाते हैं। जबकि अधिकारी लगातार व्यापारियों पर खाद्य लाइसेंस बनवाने का दबाव डालते हैं। ताकि वह व्यापारियों का शोषण कर सकें। इस संबंध में डीएम ने एफडीए विभाग को शिविर लगाकर खाद्य लाइसेंस बनाने के निर्देश दिए थे। जल्द ही शिविर का आयोजन होगा। यहां बिना रिश्वत दिए लाइसेंस बनवाए जाएंगे। इसके लिए व्यापारी ज्ञानस्वरूप किराने वाले और पवन किराने वालों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बिगड़ रही यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए डीएम को सुझाव दिए थे, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। शीघ्र ही यातायात व्यवस्था नहीं सुधरी तो अगले माह आमरण अनशन किया जाएगा। प्रदेश मंत्री अनिल सेंचुरी ने कहा कि त्योहार पर ही छापेमारी क्यों होती है। प्रदेश संगठन मंत्री मास्टर ओमप्रकाश ने कहा कि एफडीए उपभोक्ता की भलाई के नाम पर व्यापारी का उत्पीड़न करता है। बैठक में राजीव सिंह, शिव स्वरूप, विनोद आरवी, जसविंदर सिंह बॉबी, सरिता माहेश्वरी, हाजी सुलेमान आिद थे।
महानगर व जनपद में होलिका दहन पर सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए जा रहे हैं। होली आपसी भाईचारे व रंगों का त्योहार है। ऐसे में खुराफातियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी को माहौल बिगाड़ने या कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- अतुल श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक नगर