बहादुरपुर गांव में पुलिस चौकी के लिए कराया जा रहा भवन निर्माण।
- फोटो : Amar Ujala
महज सरकार की ओर ताकने से विकास नहीं होगा। खुद के कदम जब बढ़ेंगे तो तभी तस्वीर सुंदर होगी। ऐसा ही संदेश दे रहे हैं गांव बहादुरपुर के सुंदर सिंह अपने गांव सहित इगलास तहसील क्षेत्र के निवासियों को।
सुंदर सिंह ने अपने गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने के लिए सरकारी अध्यापकों के साथ ही गांव के नौ पढ़े लिखे युवकों को अपने खर्च पर रखा है। बहादुरपुर सहित आसपास क्षेत्र में अमन-चैन कायम रहे अब इसके लिए पुलिस चौकी के भवन का निर्माण भी खुद के धन से करा रहे हैं।
ब्लाक इगलास की ग्रामसभा बहादुरपुर की प्रधान माया देवी के प्रति सुंदर सिंह प्रगतिशील किसान के साथ ठेकेदार हैं। पिछले दिनों उन्होंने सीओ पंकज श्रीवास्तव से मुलाकात में पुलिस चौकी बनाने की मांग की ताकि ग्रामीणों की हिफाजत हो सके। सीओ ने भवन होने पर ही चौकी बनने की बात कही। घर लौटे सुंदर सिंह के दिमाग में यह बात चलती रही।
उन्होंने लोगों से बात की और पुलिस चौकी के लिए जमीन खरीदी। इसके बाद खुद के खर्च पर दो कमरे, किचन, शौचालय युक्त भवन का निर्माण शुरू करा दिया। गांव में सबमर्सिबल पंप लगवाए। खुद के खर्च पर अमर उजाला की दस प्रतियां मंगवाकर गांव में अलग-अलग जगह पर रखवाते हैं ताकि लोग देश-दुनिया की हर घटना से रोजाना रूबरू हो सकें। उनके इस प्रयास को लोगों से सराहना मिल रही है।