प्रदेश के अतिसंवेदनशील शहरों में शामिल अलीगढ़ में छोटी होली और शब-ए-बरात के बाद अब धूल पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम रखने की तैयारी है। आज बुधवार को धूल के दिन जिले भर में होली खेली जाएगी। इस दौरान किसी तरह की कानून व्यवस्था न बिगड़े इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। शहर को नौ सेक्टरों में बांटकर सेक्टर स्कीम लागू है। किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।
एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत ने बताया कि शहर में आज होली खेली जाएगी। इसे लेकर सभी मुकम्मल सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जहां मिश्रित आबादी वाले स्थलों पर होली खेली जाती है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। होली पर शहर में यातायात डायवर्जन व्यवस्था भी लागू रहेगी। इस दौरान वाहनों पर फर्राटा भरने पर रोकटोक होगी।
शहर में पुलिस का पैदल भ्रमण, ड्रोन से निगरानी
त्योहार को लेकर सोमवार को एसएसपी कलानिधि नैथानी के निर्देशन में पुलिस टीमों ने शहर भर में भ्रमण किया और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। एसपी सिटी व एडीएम सिटी शहर में घूमे। शहर में होली व शब-ए-बरात को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। किसी भी तरह से कानून न बिगडऩे दिया जाए ऐसी व्यवस्था की जा रही है। लोगों से सौहार्द पूर्वक त्योहार मनाने की अपील है।
-कलानिधि नैथानी, एसएसपी