जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के निर्देशन पर हॉकी को बढ़ावा देने और खेलो इंडिया के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से तीन मार्च को एएमयू के हॉकी मैदान में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व ओलंपियन स्कूल-कॉलेजों के साथ हॉकी मैच खेलेंगे। स्पोर्ट्स प्रदर्शनी के संयोजक कौशल कुमार ने बताया कि इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता के आयोजन का प्रस्ताव यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मजहर उल कमर ने दिया था। जिस पर जिलाधिकारी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय स्थित सिंथेटिक एस्ट्रोटर्फ हाकी मैदान पर तीन मार्च को एक बजे से आयोजित होने वाले मैच में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं प्रशिक्षक रहे पद्मश्री डॉक्टर जफर इकबाल (ओलंपियन) भारतीय हॉकी टीम के वर्तमान प्रशिक्षक एमके कौशिक (ओलंपियन), रोमियो जेस (ओलंपियन), एजलालुद्दीन रिजवी (ओलंपियन), अशोक ध्यानचंद (ओलंपियन), सरदार हरिपाल सिंह (ओलंपियन) दिवाकर राम (अंतरराष्ट्रीय) अनवर खान (अंतरराष्ट्रीय) दानिश मुज्तबा (ओलंपियन), पूर्व कमांडेंट आइए खान (अंतरराष्ट्रीय), प्रेम कुमार (अंतरराष्ट्रीय), अनिस उर रहमान खान (अंतरराष्ट्रीय) आदि हॉकी के साथ मैदान में उतरेंगे। प्रदर्शनी स्पोर्ट्स के अध्यक्ष एडीएम प्रशासन डीपी पाल ने इस मैच के लिए जिलाधिकारी से स्वीकृति ली है। मैच के आयोजन की जिम्मेदारी एएमयू के डिप्टी डायरेक्टर स्पोर्ट्स अनीस उर रहमान खान (अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी) को दी गई है ।
अलीगढ़ से कौन खेलेगा ओलंपियन के साथ हॉकी
मैच के आयोजक अनीस उर रहमान खान के अनुसार अलीगढ़ जनपद की कोई भी टीम महिला या पुरुष अपनी एंट्री मोबाइल नंबर 9760986944 के वाट्सएप नंबर पर 26 फरवरी 2021 तक अपनी एंट्री भेज दें। तिथि के बाद कोई एंट्री स्वीकार नहीं होगी। दो फरवरी से एएमयू के हॉकी मैदान पर हॉकी मैच कराया जाएगा। इस मैच से जीती हुई टीम ओलंपियन के साथ मैच खेलेगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के समय कोई भी हॉकी खिलाड़ी प्रशिक्षण में भाग ले सकता है। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा जनपद स्तर के जीती हुई टीम को पुरस्कृत किया जाएगा ।