शहर में अवैध होर्डिंगों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की है। मंगलवार और बुधवार को टीम ने कई प्रमुख मार्गों से विज्ञापन बोर्ड हटाए। इसके बावजूद शहर में होर्डिंगों की संख्या और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल बने हुए हैं।
नगर निगम की टीम ने आगरा रोड, सासनी गेट, अब्दुल्ला रोड, मैरिस रोड और नौरंगाबाद से होर्डिंग हटवाए। कार्रवाई के बावजूद क्वार्सी चौराहा, एटा चुंगी, किशनपुर तिराहा, केला नगर और खैर बाईपास समेत कई स्थानों पर विज्ञापन बोर्ड लगे हैं। तेज हवा और बारिश में बड़े होर्डिंग गिरने का खतरा रहता है। चौराहों और मोड़ों पर लगे बोर्ड वाहन चालकों की दृश्यता भी प्रभावित कर सकते हैं। हाल ही में डीएम अविनाश कुमार ने सभी निकायों में अवैध होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए हैं।
अनुमति से ज्यादा यूनीपोल, जांच पर सवाल
नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार शहर में 167 यूनीपोल पर विज्ञापन लगाने की अनुमति दी गई है। दूसरी ओर, सड़कों और प्रमुख स्थानों पर 250 से अधिक यूनीपोल पर होर्डिंग और बैनर लगे हैं। ऐसे में सवाल है कि अनुमति से अधिक लगे विज्ञापन बोर्डों की नियमित जांच कौन कर रहा है।
तेज हवा में बढ़ जाता है खतरा
बारिश और तेज हवा के दौरान बड़े होर्डिंग के गिरने का खतरा बढ़ जाता है। कमजोर ढांचे या मानकों के विपरीत लगाए गए बोर्ड राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं। पूर्व में होर्डिंग गिरने से हादसों की स्थिति भी सामने आ चुकी है। ऐसे में पुराने और बड़े विज्ञापन बोर्डों के ढांचे की नियमित जांच जरूरी है।
अवैध होर्डिंग हटाकर वसूला जाएगा जुर्माना
नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा ने कहा कि अवैध होर्डिंग लगाने वालों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। इन्हें हटाने के साथ संबंधित लोगों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।