हिंदुस्तान यूनीलीवर कंपनी की लिप्टन ग्रीन लीव्स टी के हनी लैमन फ्लेवर में कीड़े का व्हाट्स अप वीडियो मैसेज फेक आईडी से सऊदी अरब से चला था। जो इंडिया में वायरल हो गया। इसी मैसेज को देखकर डीएम ने चाय के खिलाफ सैंपलिंग के निर्देश दिये।
यह सफाई कंपनी के मुंबई से आए फूड डिवीजन मैनेजर अमित भसीन एवं दिल्ली से आए मैनेजर कारपोरेट अफेयर गोपाल पशुपति ने डीएम डा. बलकार सिंह एवं एफडीए के जिला अभिहित अधिकारी चंदन पांडेय व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी के समक्ष पेश की।
कंपनी अफसरों ने दावा किया कि जिसे कीड़ा समझा जा रहा है वह कीड़े जैसा दिखने वाला लैमन बग्स है। जो गरम पानी में डालते ही घुल जाता है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने बताया कि कंपनी के दोनों अफसरों ने अपनी सफाई पेश करते हुए दो तीन दिन में इससे संबंधित लिट्रेचर भी भेजने का वादा किया है। एफडीए ने पिछले दो दिनों में लिये गए चाय के सैंपल जांच के लिये प्रयोगशाला भेज दिये हैं। ---कीड़े के संबंध में हिंदुस्तान यूनीलीवर कंपनी के अधिकारियों ने मुलाकात की थी और अपनी सफाई दी। चाय के सैंपल की जांच कराई जा रही है। यदि उसमें कोई भी कीड़े जैसी चीज पाई गई तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। - डाॅ. बलकार सिंह, डीएम