डीएस कालेज के छात्र नेता आदित्य पंडित के खिलाफ गैर समुदाय के छात्र को पीटने और उसकी जेब से पैसे निकालने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के खिलाफ हिंदू संगठनों से जुड़े छात्र लामबंद हो गए। मुकदमा वापसी और आदित्य संग की गई मारपीट का मुकदमा दर्ज कराने की मांग करते हुए शनिवार को दो दर्जन से अधिक छात्रों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर धरना दिया। इस दौरान गैर समुदाय के छात्र पर छात्रा से छेड़खानी व विरोध पर आदित्य संग मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इस तहरीर में शहर के ही दूसरे छात्र नेता जियाउर्रहमान पर भी रास्ता रोककर मारपीट का आरोप लगाया है। फिलहाल अधिकारियों ने जांच व कार्रवाई का आश्वासन देकर धरनारत छात्रों को समझाकर वापस किया। इस पर छात्र नेता मांग पूरी न होने पर जिले भर के डिग्री कॉलेजों में बंदी की घोषणा कर चले गए।
हिंदू युवा वाहिनी के विभाग प्रभारी व गिलहराज मंदिर के महंत योगी कौशलनाथ के नेतृत्व में पहुंचे छात्रों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों के दबाव में आकर पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज किया है, जबकि मुकदमा दर्ज कराने वाले छात्र अरशद अली ने घटना वाले दिन पहले छेड़खानी की। फिर विरोध में उसने छात्रनेता आदित्य पंडित सहित अन्य के साथ अभद्रता कर मारपीट की शुरुआत की। बजरंग दल से जुड़े विशाल देशभक्त ने कहा कि एएमयू के छात्र अपने विवि के अंदर ही सीमित रहें।
डीएस प्रकरण में कूद कर पुलिस-प्रशासन पर दबाव न बनाएं। अगर, इस मामले में पूर्ण इंसाफ नहीं हुआ तो डीएस सहित जनपद के अन्य कालेजों के छात्र कॉलेजों को बंद कर सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे। इन छात्रों को एसपी क्राइम ने समझाकर शांत किया। वहीं आदित्य पंडित की ओर से दी गई तहरीर पर गांधीपार्क पुलिस को निर्देशित किया।
इस तहरीर में पहले अरशद पर कॉलेज कैंपस में छात्रा से छेड़खानी, विरोध पर आदित्य से मारपीट व रुपये छीनने और कॉलेज के बाद नगर निगम के सामने रालोद व छात्र नेता जियाउर्रहमान एडवोकेट आदि पर आदित्य संग मारपीट का आरोप है। इंस्पेक्टर गांधीपार्क शंभूनाथ सिंह के अनुसार तहरीर की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष सुमित शर्मा, हर्षद वार्ष्णेय आदि तमाम छात्र नेता मौजूद रहे।
- धरने पर बैठे छात्रों को दर्ज मुकदमे की विवेचना के आधार पर कार्रवाई करने और अरशद के खिलाफ तहरीर पर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया गया। जांच में जो भी सामने आएगा पुलिस उसके आधार पर अपनी कार्रवाई करेगी।
- डॉ. अरविंद कुमार, एसपी क्राइम
फर्जी नेता शहर व कालेज का माहौल कर रहे खराब
डीएस कालेज में अराजक तत्वों द्वारा मुस्लिम छात्र को पीटने और गुंडई करने के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तारी न करने को रालोद ने शर्मनाक बताया है। रालोद नेता जियाउर्रहमान एडवोकेट ने कहा है कि डीएस कालेज सभी वर्ग के छात्रों का है, लेकिन कुछ लोगों ने मुस्लिम छात्र के साथ मारपीट कर कालेज व शहर का माहौल खराब करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कालेज के सीसीटीवी कमरे की जांच करानी चाहिए और बाहरी तत्वों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करानी चाहिए।