यातायात नियमों का पालन कराने में जुटी यातायात पुलिस ने एक आई टेन कार चालक का चालान उसी की कार नंबर के साथ कागजों में बाइक दिखाते हुए काट दिया और वजह लिखी कि बाइक सवार हेलमेट पहने नहीं था, जबकि कार स्वामी के पास न तो बाइक है और न कोई स्कूटर है। अब कार स्वामी उस गलत किए गए चालान को रद करवाने के लिए कवायद कर रहा है।
रामघाट रोड स्थित रामबाग कालोनी निवासी मनीष कुमार सिंह के पास आईटेन कार है। जिसका नंबर यूपी 81-5550 है। मनीष ने बताया कि 9 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे उनका चालान काट दिया गया। इसका पता उन्हें एप से अपनी कार की स्थिति की जानकारी करने पर चला।
चालान का कारण बताया गया कि बाइक चलाते समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जबकि उनके पास कोई बाइक नहीं है। इसके अलावा चालान में जिस नंबर को दर्शाया गया है, वह उनकी कार का नंबर है जो कि कई दिनों से बाहर भी नहीं निकाली है। उनकी कार के नंबर से बाइक का चालान काट दिया गया है।
इसके बाद मनीष मानसिक रूप से परेशान हैं। यातायात पुलिस की इस लापरवाही को सुधारने के लिए अब मनीष ने एसपी यातायात से मेल के जरिये शिकायत कर दी है। अब वह सोमवार को उनसे निजी तौर पर मुलाकात करेंगे।