मीनाक्षी पुल पर तेज धूप में दुपट्टा ओढ़कर जातीं युवतियां।
- फोटो : samvad
जिले में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू और तेज गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।
दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दिया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. विभव वार्ष्णेय ने बताया कि लगातार गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से डिहाइड्रेशन और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 26 और 27 मई को लू का असर बना रहेगा। इसके बाद 28 मई से आंशिक राहत मिल सकती है और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 29 और 30 मई को तेज हवाओं, आंधी और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।