अपने ही जन्म दिन पर डांस करते समय युवा भाजपा नेता की मौत
परिवार में मचा कोहराम, घर पर शोक संवेदना जताने वालों का लगा तांता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। स्थानीय चूड़ी वाली गली निवासी युवा भाजपा नेता आदर्श माहेश्वरी (31 वर्ष) उर्फ बिल्लू पुत्र विनोद माहेश्वरी की आगरा रोड स्थित गोल्डन जॉन रेस्टोरेंट में डांस करते समय अचानक तबियत बिगड़ गई। जब उनके परिजन और मित्र उनकोे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे तो उनको मृत घोषित कर दिया गया।
भाजपा नेता आदर्श उर्फ बिल्लू अपने दोस्तों और परिजनों के साथ शहर की आगरा रोड स्थित एक होटल में अपना जन्मदिन मनाने गए थे। जब वह इस होटल में अपने दोस्तों के साथ डांस कर रहा था तो डांस करते समय ही एकाएक उसकी हालत बिगड़ गई और वह वहीं गिर गया। उसके दोस्त आनन-फानन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के शव को रात्रि में उसके घर लाया गया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में कोहराम मचा था। आदर्श अपने माता-पिता के अकेले पुत्र थे। उन्होंने अपने परिवार में माता-पिता के अलावा बहन व अन्य परिजनों को बिलखते हुए छोड़ा है। उनकी मौत की खबर पाकर उनके घर काफी भीड़ जमा हो गई। हर कोई एकाएक हुई इस घटना को लेकर हतप्रभ और स्तब्ध था।