पुलिस की पाठशाला में छात्राओं ने एसपी से एसिड अटैक से लेकर बुलंदशहर कांड तक को लेकर सवाल दागे तो एसपी ने उन्हें उत्तर देकर संतुष्ट कर दिया। एक छात्रा ने बुलंदशहर में एक पुलिस इंस्पेक्टर की बवाल में हुई मौत के बारे में जब यह पूछा कि पुलिस आम लोगों की सुरक्षा का दावा करती है लेकिन बुलंदशहर में तो एक पुलिस इंस्पेक्टर की ही हत्या कर दी गई तो इस पर एसपी ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी बेहद कठिन है। बॉर्डर पर फौजी को यह पता रहता है कि दुश्मन कौन है लेकिन पुलिस को यह पता नहीं होता कि कौन दुश्मन है और ऐसे में पुलिस के साथ अक्सर धोखा होता है। पुलिस को बेहद संयम से अपनी ड्यूटी करनी होती है।
एक छात्रा ने जब एसिड अटैक को लेकर सवाल पूछा तो एसपी ने कहा कि पहले एसिड अटैक सामान्य अपराध था लेकिन अब कानूनन इसमें 10 साल से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा है। पीड़िता को आर्थिक सहायता भी दी जाती है। एक छात्रा ने जब यह रोचक सवाल पूछा कि उसके पापा के पास लाइसेंस नहीं था तो उसके पापा की गाड़ी का चालान पुलिसकर्मी ने कर दिया तो क्या हर पुलिसकर्मी के पास लाइसेंस होता है तो एसपी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि कोई अपराध करने की किसी को छूट नहीं है, चाहे वह पुलिसकर्मी हो या फिर सामान्य आदमी।
बढ़ते अपराधों पर उन्होंने कहा कि इसके लिए जनसहयोग की जरुरत है। वैसे अब जल्द ही पुलिस में भर्तियां हो रही हैं। कुछ अन्य सवालों के एसपी ने सटीक जवाब दिए। सवाल पूछने वाली छात्राओं में भूमि राना, अंजलि दीक्षित, तनुजा, लता कुमारी, प्रिया वर्मा, प्रीति कुमारी, सृष्टि, जागृति, मनोरमा कर्दम, अंशिका रावत आदि शामिल थी।