हाथरस कांड के चारों आरोपी गुजरात के गांधी नगर से अलीगढ़ जेल वापस लौट आए हैं। सीबीआई टीम पॉलीग्राफी जांच के लिए उन्हें गुजरात ले गई थी। दोपहर करीब एक बजे चारों आरोपियों को जेल में दाखिल किया गया। 16वें दिन चारों आरोपियों की अलीगढ़ जेल में वापसी हुई है।
हाथरस के चंदपा की बिटिया प्रकरण में सीबीआई अलीगढ़ जेल में बंद चारों आरोपियों को हाथरस पुलिस की गारद संग गुजरात के गांधी नगर लेकर गई थी। जहां सभी आरोपियों का नार्को के अलावा पॉलीग्राफी व ब्रेन मैपिंग टेस्ट किया गया। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद सीबीआई की टीम 21 नवंबर देर शाम सभी को लेकर रवाना हुई थी।
आरोपियों के परिजनों का कहना था कि नार्को, पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं दी गई है और न ही हमारी कोई रजामंदी ली गई। उनका कहना था कि हमें नार्को पॉलीग्राफ टेस्ट कराने पर कोई एतराज नहीं है, लेकिन पीड़ित पक्ष का भी नार्को पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी रवि ने अहमदाबाद पहुंचकर अपनी बहन को अपना नार्को टेस्ट होने के बारे में जानकारी दी थी। ग्रामीणों ने बताया कि रवि की एक बहन अहमदाबाद में रहती है।
बिटिया के परिजनों ने वह नार्को, पॉलीग्राफी टेस्ट को लेकर एतराज जताया था। बिटिया के छोटे भाई ने कहा था कि पीड़ित पक्ष का भी कहीं टेस्ट होता है, तो हम इसे क्यों कराएं। उसने यह भी कहा कि हाईकोर्ट में इस मामले की फिर से सुनवाई है, लेकिन वहां उन्हें व अन्य परिजनों को नहीं बुलाया गया। उसका यह भी कहना था कि उसकी परीक्षा ठीक हुई है। उल्लेखनीय है कि सीआरपीएफ की सुरक्षा के बीच वह आईटीआई में प्रयोगात्मक परीक्षा देने गया था।