न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान के स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मरे हुए आदमी को कोरोना का टीका लगाए जाने के मामले में जांच शुरू हो गई है। मृतक के बेटे ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की थी। शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जांच पड़ताल में जुट गए हैं। इस मामले में टीका लगाने वाली एएनएम व फार्मासिस्ट से पूछताछ की गई है। इसे लेकर बृहस्पतिवार को एसीएमओ डॉ. विजेंद्र सिंह व सीएचसी प्रभारी डॉ. वरुण चौधरी शिकायतकर्ता के घर पहुंचे।
मोहल्ला बोहरान निवासी मृतक के पुत्र विनीत अग्रवाल ने बताया कि उनके पिता विनोद कुमार को पहली डोज पिछले साल छह अप्रैल को लगी थी। इस साल नौ जनवरी को उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद एक फरवरी को उन्हें दूसरी डोज लगाने का मैसेज आया। जबकि उन्होंने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगवाई थी। विनीत अग्रवाल का कहना है कि उनकी मां को भी कोरोना की पहली डोज छह अप्रैल को लगी थी। लेकिन उनकी मां को भी दूसरी डोज लगने का मैसेज आया है। जबकि उन्हें भी अभी तक दूसरी डोज नहीं लगी है। संवाद