चंदपा की बिटिया को न्याय दिलाने के लिए वाल्मीकि संघर्ष समिति का गठन किया गया है। इस बैनर तले आगे की लड़ाई होगी। नगर निगम सफाई मजदूर संघ के नेताओं ने बुधवार को सामूहिक अवकाश पर रहने का एलान किया है। जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर अपराधियों को फांसी देने एवं मृतका के परिजनों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है।
चंदपा की अनुसूचित जाति की बिटिया की मौत की सूचना आने के बाद महानगर का माहौल अचानक गरमा गया है। हर तरफ आक्रोश एवं उबाल देखने को मिल रहा है। नगर निगम सफाई मजदूर संघ के बैनर तले नगर निगम परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा एवं कांग्रेस सहित सभी दलों के दलित नेता शामिल हुए। दलित नेताओं ने सर्वसम्मति से बिटिया की लड़ाई को मजबूती से लड़ने के लिए वाल्मीकि संघर्ष समिति का गठन किया है।
नगर निगम सफाई मजदूर संघ के नेताओं ने 30 सितंबर को सामूहिक अवकाश पर रहने का एलान कर अधिकारियों का तनाव बढ़ा दिया है। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष मानिक लाल नागर एवं प्रांतीय प्रमुख महामंत्री बिल्लू चौहान ने प्रदेश के सभी जिले के पदाधिकारियों से 30 सितंबर को अवकाश पर रहने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को आगे की रणनीति का खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक बिटिया के परिजनों को न्याय नहीं मिल जाता, आंदोलन को जारी रखेंगे। श्रद्धांजलि सभा में श्योराज जीवन, प्रदीप भंडारी, बिल्लू चौहान, मानिक लाल नागर, प्रदीप भंडारी, बबलू, कमल, राहुल चेतन, अमरदीप मासी, लालाराम नंदा, राजेश राज जीवन, शरद चौहान, प्रशांत वाल्मीकि, जेमिश वाल्मीकि, आशीष, नीरज, नवीन वाल्मीकि, बिरजू चंचल, राजीव भारती आदि मौजूद थे।