हाथरस : यूक्रेन में फसे छात्र के बारे में डीएम से उनके आवास पर बातचीत करने आए छात्र के पिता अनुज चौ?
- फोटो : MURSAN
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)।
रूस-यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के दौरान मंगलवार को खारकीव में एक भारतीय छात्र की मौत के बाद वहां फंसे जिले के विद्यार्थियों के परिजनों की चिंता बढ़ गई है। यूक्रेन के खारकीव में फंसे सादाबाद के एक छात्र के परिवार के कुछ लोग मंगलवार की शाम को जिलाधिकारी से उनके आवास पर मिलने पहुंचे, लेकिन उनकी डीएम से मुलाकात नहीं हो सकी है।
खारकीव में मंगलवार को एक भारतीय छात्र की मौत हो जाने के बाद यूक्रेन में फंसे छात्रों के परिवार और अधिक चिंतित हैं। वे चाहते हैं कि भारत सरकार मध्यस्थता कर बच्चों को सकुशल हिंदुस्तान लाने की व्यवस्था करे। सरकार तक अपना संदेश पहुंचाने के लिए वह डीएम से मिलने पहुंचे थे। इसके लिए यूक्रेन के खारकीव में फंसे छात्र दक्ष चौधरी पुत्र अनुज चौधरी निवासी विनोबा नगर सादाबाद के परिवार के लोग मंगलवार की शाम को डीएम से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे थे।
छात्र दक्ष चौधरी के पिता अनुज चौधरी ने कहा कि उनका बेटा खारकीव में फंसा हुआ है। वहां बमबारी हो रही है। मंगलवार की सुबह एक छात्र की मौत हुई है। बेटे का संदेश आने के बाद वह डीएम से मदद की गुहार लगाने उनके आवास पर आए हैं, लेकिन उनकी डीएम से मुलाकात नहीं हो सकी है। उन्हें कल कलेक्ट्रेट पर बुलाया गया है। वहीं एमबीबीएस के प्रथम वर्ष के छात्र दक्ष चौधरी ने घर पर भेजे वीडियो में कहा है कि मैं यहां फंसा हुआ हूं। मेरे कई साथी भी फंसे हुए हैं। हम यहां पांच दिन से हैं। यहां पर हमें किसी तरह की कोई मदद नहीं मिल रही है। खाना भी बस इतना ही मिल रहा है कि हम जिंदा रह पा रहे हैं। कुछ पता नहीं चल रहा। बाहर बमबारी हो रही है। हमें मदद की जरूरत है। संवाद