संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
क्षेत्र के गांव जटोई में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जिसका शव गांव के निकट एक पेड़ से लटका हुआ ग्रामीणों को मिला है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बनी सिंह जाटव पुत्र ज्वाला सिंह निवासी जटोई मुरसान ने पुलिस को बताया कि उसका भतीजा सोनू (25) पुत्र शैतान सिंह निवासी जटोई मुरसान रविवार की रात को घर से बिना बताए चला गया था। रात भर परिवार के लोग खोजते रहे। बनी सिंह का कहना है कि सोमवार की सुबह करीब पांच बजे वह खेतों की ओर जा रहा था।
उसे सोनू का शव गांव से करीब 200 मीटर दूर एक शीशम के पेड़ से लटका हुआ मिला है। युवक के गले में अंगौछा बंधा हुआ था। जिससे फांसी लगी हुई है। युवक का शव गांव के निकट में पेड़ से लटका देख काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जिसकी सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर आकर युवक के शव को पेड़ से उतरवा कर अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।