यूपी के हाथरस में दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। इसी बीच गुरुवार को हाथरस डीएम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो पीड़िता के परिजनों को धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में डीएम प्रवीन लक्षकार पीड़िता के परिजनों से कह रहे हैं कि अपनी विश्वसनीयता बनाए रखिए, मीडिया आज यहां है, कल नहीं होगी। सब चले जाएंगे। आप सरकार की बात मान लो। आप बार-बार बयान बदलकर ठीक नहीं कर रहे हैं। आपकी क्या इच्छा है। क्या पता कल हम ही बदल जाएंगे।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वायरल वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि यूपी सरकार किसी को पीड़िता के गांव जाने से क्यों रोक रही है उसका जवाब यहां है? पीड़िता के परिवार को हाथरस डीएम जाकर धमका रहे हैं। न मीडिया जा पाएगा, न हम लोग तो यूपी सरकार पीड़िता के परिवार को खुलकर धमका पाएगी। ये लोग अत्याचारी हैं।