हाथरस के चंदपा क्षेत्र की बिटिया के प्रकरण में सीबीआई की टीम द्वारा लगातार पूछताछ और छानबीन जारी है। रविवार को सीबीआई ने गांव के दो लोगों से फिर पूछताछ की। इसमें खुद को घटना का चश्मदीद बताने वाला छोटू और एक अन्य युवक अनिल भी शामिल है।
अनिल एक आरोपी रामू के साथ चिलर प्लांट पर काम करता था। इन दोनों को दोपहर 12:30 बजे के लगभग छोड़ दिया था। इससे पहले भी शनिवार को सीबीआई की टीम फिर बिटिया के गांव पहुंची। वहां सीबीआई ने पहले कुछ देर के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया और उसके बाद बिटिया के परिवार वालों से साढ़े पांच घंटे तक पूछताछ की।
बिटिया के गांव पहुंची सीबीआई की टीम में इस मामले की जांच कर रहीं डिप्टी एसपी सीमा पाहुजा भी शामिल थीं। टीम ने सबसे पहले गांव के बाहर उस खेत को देखा, जहां घटना हुई थी। चंद मिनट वहां रुकने के बाद टीम बिटिया के घर पहुंच गई। टीम ने पहले तो घर में मौजूद सभी सदस्यों से बातचीत और पूछताछ की।
बिटिया के परिवार वालों से सीबीआई ने काफी सवाल पूछे। परिवार वालों की मानें तो सीबीआई ने उनसे बिटिया के व्यवहार के बारे में पूछा। उसकी भाभी से यह भी पूछा कि क्या वह अलग फोन इस्तेमाल करती हैं तो भाभी ने यही जवाब दिया कि उनके घर में एक ही फोन नंबर है, जोकि उनके पति पर रहता है।