अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वीमेंस कालेज छात्रा संघ की नवनिर्वाचित अध्यक्ष आफरीन फातिमा ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ मुसलमानों से नफरत करते हैं। इस देश को खड़ा करने में मुसलमानों ने जितनी कुर्बानी दी, उसको छिपाने की कोशिश करने वाले खुद गायब हो जाएंगे वे इतिहास को नहीं बदल सकते हैं। योगी ने मेरे शहर इलाहाबाद का नाम बदल दिया। यह आहत करने वाला है। वे मंगलवार को वीमेंस कालेज के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहीं थीं।
उन्होंने कहा कि इलाहाबाद शहर को मुगल बादशाह अकबर ने बसाया था। यह वही अकबर थे जिनका जन्म एक राजपूत के यहां पर हुआ था। यह भारत की साझी संस्कृति रही है। आज इसको बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है। फर्जी एनकाउंटर कर मुसलमानों का कत्ल किया जा रहा है। यह काम सरकार के इशारे पर हो रहा है। आफरीन ने वीमेंस कालेज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी हालत यूनिवर्सिटी में ठीक वैसी ही जैसी मुसलमानों की इस देश के अंदर हो गई है। दोनों को ही नजरअंदाज किया जा रहा है। अंदर कार्यक्रम कराए नहीं जाते हैं और बाहर जाने नहीं दिया जाता है। इस तरह समान सुविधाओं से वंचित किया जाता है। उन्होंने छात्राओं के लिए हास्टल की सुविधा में विस्तार किए जाने, पावर बैकअप को दुरुस्त किए जाने व अन्य किए गए वादों को पांच महीने में पूरा किए जाने का भरोसा दिलाया।
अभिभावकों की नम हुईं आंखें
छात्र संघ शपथ ग्रहण में पदाधिकारी और कैबिनेट की छात्राएं अपने अभिभावकों को भी लाई थीं। बच्चियों को शपथ लेते देख और बाद में देश दुनिया के बड़े बड़े मुद्दों पर तकरीर करते देख कुछ अभिभावकों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम के बाद जलपान के दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य ने अपने पिता और परिवार वालों को जब व्यक्तिगत तौर पर कुलपति, सह कुलपति व अन्य से मिलवाया तो अभिभावकों का चेहरा फख्र से ऊंचा हो गया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी रहीं एक शिक्षिका ने मौजूद एक पदाधिकारी के पिता से कहा कि बच्चियों को अब खुला आसमान दीजिएगा, यहां से आगे बढ़ने से रोकिएगा नहीं। अभिभावक ने ऐसा ही करने की सहमति दी।
.. जब बज गई घंटी
कार्यक्रम के दौरान दो बार रुक रुक कर घंटी बजी। एक बार जब कुलपति प्रो. तारिक मंसूर जब संबोधन कर रहे थे तो घंटी बज गई। उन्होंने अपना संबोधन रोक दिया। बाद में कुछ शिक्षिकाओं ने कुलपति से कुछ कहा और संबोधन जारी हुआ। इसके बाद जब कुलपति चलने लगे और गाड़ी में बैठने वाले थे, तो एक बार फिर से घंटी बजने लगी। मौजूद लोगों ने समझा कि शायद अतिथि के विदाई के समय घंटी बजने की कोई रस्म होगी। बाद में जब पता लगा कि यह कक्षाओं के अंतराल पर बजने वाली घंटी है तो सभी हंस दिए। हालांकि मंगलवार को कालेज में अवकाश घोषित था।
वी वांट हॉलीडे
कुलपति प्रो. तारिक मंसूर अपना संबोधन शुरू करने लगे तो छात्राओं की आवाज आने लगी कि वी वांट हॉलीडे। कुलपति ने कालेज की प्रिंसिपल और शिक्षिकाओं से मशवरा किया और बुधवार को अवकाश की घोषणा कर दी। हालांकि बुधवार को होने वाली परीक्षा नियत समय पर आयोजित की जाएगी।
खिलाड़ी छात्राओं को कराया जाए अभ्यास
स्पोर्ट्स कोटे से प्रवेश लेने वाली छात्राओं ने टीम बनाए जाने और अभ्यास कराए जाने की बात कुलपति के सामने रखी। इस पर कुलपति ने सह कुलपति प्रो. एमएच बेग को कहा कि वह छात्राओं की बात को समझते हुए उनके अभ्यास और अन्य सुविधाओं को सुनिश्चित कर दें।