अलीगढ़-पलवल मार्ग पर स्थित घरबरा गांव के रास्ते पर निर्जला एकादशी पर शरबत पिला रहे युवकों ने हरियाणा रोडवेज बस के चालक-परिचालक से मारपीट कर दी। चालक की तहरीर पर पुलिस ने आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को घरबरा गांव के रास्ते के निकट कुछ युवक वाहनों को रुकवाकर यात्रियों को शरबत पिला रहे थे। तभी बुलंदशहर से बल्लभगढ़ के लिए जा रही हरियाणा रोडवेज की बस को युवकों ने रुकवाना चाहा। लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी। इसी बात पर युवक आक्रोशित हो गए। युवकों ने जबरन बस रुकवाकर चालक पुष्पेंद्र व परिचालक नरेंद्र से मारपीट कर दी और बस का शीशा भी तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सवारियों को दूसरी बस में बिठाकर भेज दिया। बस और चालक-परिचालक को थाने ले आई है। पहले चालक-परिचालक अपने साथ मारपीट व लूट होना बता रहे थे। लेकिन तहरीर अपने साथ मारपीट की दी। थाना प्रभारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि मारपीट हुई है। चालक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।