फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा रोडवेज की बसें भिड़ीं, पांच की मौत, 32 घायल

Sun, 07 Mar 2021 07:05 PM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
घायल कृष्णा - फोटो : ATHROLI
विज्ञापन
अलीगढ़-पलवल हाईवे पर लोधा क्षेत्र में गांव करसुआ के पास शनिवार दोपहर हुई हरियाणा रोडवेज की दो बसों की भिड़ंत में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 32 घायल हो गए हैं। बसों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि आवाज काफी दूर तक सुनी गई। खबर पर डीएम-एसएसपी सहित पूरा अमला मौके पर पहुंच गया और काफी देर तक राहत व बचाव कार्य जारी रहे। ग्रामीणों की मदद से बसों में फंसे यात्रियों को निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां पांच को मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन



हरियाणा के फरीदाबाद डिपो की बस अलीगढ़ से सवारियां लेकर फरीदाबाद जा रही थी। वह जैसे ही करसुआ स्थित आईटीएम कॉलेज के पास पहुंची, तभी दोपहर करीब 12 बजे उसका आगे का ड्राइवर साइड का टायर फट गया। चूंकि बस पूरी रफ्तार से थी, इसलिए एकाएक टायर फटने से चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से उछलकर बिजली के पोल को तोड़ते हुए रॉग साइड आ गई।

इसी बीच सामने से पलवल डिपो की बस होडल से सवारियां लेकर अलीगढ़ आ रही थी और तेज रफ्तार पलवल डिपो की बस फरीदाबाद डिपो की बस में जा भिड़ी। इस भिड़ंत के दौरान पलवल डिपो की बस पलटती हुई सड़क सहारे गड्ढे में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आनन-फानन आसपास खेतों में काम कर रहे लोग। राहगीर मौके पर दौड़ पड़े और बिना देर किए बसों में फंसे यात्रियों को निकाला जाने लगा।
विज्ञापन



राहगीर की खबर पर एसओ लोधा पुलिस के साथ-साथ पहुंच गए और घायलों को निजी वाहनों से जिला मुख्यालय भेजा जाने लगा। बाद में एंबुलेंस, डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी मुनिराज जी, एसपी यातायात सतीश चंद्र आदि अमला पहुंच गया। इधर, जिला अस्पताल में चार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पांचवें को दोपहर में जेएन मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया गया।

गंभीर घायलों को जिला अस्पताल से दीनदयाल, मेडिकल कॉलेज व कुछ निजी चिकित्सालयों में भेजा गया था। जहां देर शाम तक उनका इलाज जारी था। रात तक चले प्रयास के बाद पांचों मृतकों की पहचान सौदान (45) पुत्र तेज सिंह चंदैया सासनी, राजुद्दीन (34) आदर्श नगर, बल्लभगढ़, हरियाणा, विजय (45) पुत्र जुगराम अमांपुर, कासगंज हाल निवासी बदरपुर दिल्ली, बेबी (30) पत्नी शीलेंद्र नगला दलू कोतवाली देहात एटा व लियाकत (60) शाहजमाल गली नंबर पांच के रूप में हुई है।

----
- लोधा क्षेत्र में हुई हरियाणा रोडवेज की दो बसों की भिड़ंत में चार यात्रियों की जिला अस्पताल व पांचवें की मेडिकल कॉलेज में मौत हुई है। करीब 32 यात्री जख्मी हैं। सभी को उपचार मुहैया कराया जा रहा है। - चंद्रभूषण सिंह, डीएम अलीगढ़

अलीगढ़ पलवल खैर रोड़ आईटीएम के सामने हरियाणा रोडवेज की दो बसो में आमने सामने हुई टक्कर।- फोटो : CITY OFFICE

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें