रेलवे जंक्शन के दिल्ली छोर पर सीमा फाटक के नजदीक मंगलवार को हापुड़ के एक युवक ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। शव के पास मिले मोबाइल फोन से मृतक की शिनाख्त हुई।
वाकया मंगलवार सुबह 11.30 बजे का है। सीमा फाटक के पास टहल रहा एक युवक अलीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हुई गोमती एक्सप्रेस के सामने कूद गया। ट्रेन चालक की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। शव के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त आकाश (25) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी सेवा समिति कालोनी, हापुड़ थाना, हापुड़ के तौर पर हुई। सूचना पर देर शाम को आकाश के परिवार वाले अलीगढ़ आ गए। जीआरपी ने शव की शिनाख्त कराकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
मृतक के भाई राहुल के मुताबिक, आकाश गाड़ी धोने का काम करता था। 16 जून को उसकी शादी गढ़मुक्तेश्वर की काजल से हुई थी। चार भाइयों में वह दूसरे नंबर का था। सोमवार को वह घर से काम पर जाने की कहकर निकला था। देर रात तक घर न पहुंचने पर उसकी तलाश की गई। राहुल के मुताबिक आकाश अलीगढ़ कैसे पहुंचा। उसने आत्महत्या क्यों कि इसके बारे में परिवार वालों को जानकारी नहीं है। घर में कोई अनबन नहीं हुई थी।
जीआरपी थाना इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के मुताबिक शव पोस्टमार्टम कराकर आज परिवार वालों को सौंपा जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। परिवार वाले आत्महत्या का कारण नहीं बता रहे हैं।