अलीगढ़ के गांधी पार्क इलाके के छर्रा अड्डा पुल के नीचे गुरुवार रात को एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिलने से पुलिस के होश उड़ गए। ट्रेन से कटी हालत में मिले शव की तलाशी लेने पर पुलिस को जेब से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर मृतक की भगवान नगर, सासनी गेट के तौर पर पहचान हुई।
पुलिस ने शुक्रवार तड़के मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार अंतिम संस्कार करने के बाद मामले में पुलिस को तहरीर दी जाएगी।
बंटी यादव (28) पुत्र राधेश्याम यादव निवासी गली नंबर एक, भगवान नगर, सासनी गेट पेंट कारखाने में काम करता था। मृतक के परिजनों के अनुसार कल बंटी के छोटे बेटे की तबीयत खराब थी। पत्नी बेटे के इलाज के संबंध में बात करने किसी परिचित के पास गई थी। रात 11 बजे करीब वह खाना खाकर घर से बिना बताए निकल गया था। इसके बाद रात को घर नहीं लौटा।
सुबह पुलिस ने बंटी का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना दी। परिजनों ने बंटी की हत्या की आशंका जताई है। इधर, मामले में दूसरी कहानी बंटी का पत्नी अंशु से विवाद की भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि अंशु से विवाद के चलते बंटी ने ट्रेन से कटकर जान दी है। गांधी पार्क इंस्पेक्टर के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई तहरीर के आधार पर की जाएगी।