ईद मुबारक हो..! सोमवार को ईद उल फितर का त्योहार मनाया जाएगा। शहर मुफ्ती खालिद हमीद ने इतवार की रात 8 बजकर 4 मिनट पर यह एलान किया। इसके बाद ऊपरकोट जामा मस्जिद का सायरन बजा दिया गया। चांद का दीदार अलीगढ़ में हुआ, जिसकी गवाही कई जगहों से दी गई।
आज शाहजमाल ईदगाह में सुबह 7.30 बजे, ऊपरकोट जामा मस्जिद में 8 बजे और बू अली शाह मसजिद में 8.30 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। शहर मुफ्ती खालिद हमीद ने कहा कि हर आदमी ईद मनाने से पहले सदका ए फितर अदा कर दे, ताकि गरीब और जरूरतमंद भी त्योहार मना सकें। सउदी अरब में इतवार को ही ईद मना ली गई, जिससे ये तय माना जा रहा था कि सोमवार को भारत में ईद हो जाएगी। चांद रात पर ऊपरकोट, रेलवे रोड, सराफा बाजार, फूल चौराहा, घास की मंडी, मेडिकल रोड, अमीरनिशां, जमालपुर सहित कई बाजारों में देर रात तक दुकानों पर खरीदारी होती रही। अमीरनिशां में महिलाओं ने मेहंदी भी लगवाई।
एएमयू में नमाज 7.30 बजे
एएमयू और इससे संबंधित सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं कार्यालयों में आज अवकाश रहेगा। ज्वाइंट रजिस्ट्रार (एक्जीक्यूटिव) डॉ. नाजिम हुसैन जाफरी ने बताया कि विवि की जामा मस्जिद में ईद उल फितर की नमाज सुबह 7:30 बजे होगी। अहले तशीह की सुबह 8:45 बजे अदा की जाएगी।
स्टेशन पर रही मुसाफिरों की भीड़
ईद पर अपने घर की ओर जाने वालों का स्टेशन पर तांता लगा रहा। रिजर्वेशन काउंटर और पूछताछ की खिड़की पर भीड़ लगी रही। ट्रेन में सीट न होने पर भी लोगों ने वेटिंग में टिकट कराया। वहीं प्रथम श्रेणी महिला व पुरुष कक्ष ज्यादातर हाउसफुल रहे। आरपीएफ व जीआरपी ने स्टेशन पर चौकसी बढ़ा दी। दलाली को देखते हुए आरपीएफ ने दो जवान सुबह से ही तैनात कर दिए थे। संदिग्धों की तलाश में पुलिसकर्मी रात भर गश्त करते दिखे। स्टेशन पर आने वाले लोगों की तलाशी ली गई।
दूध की नहीं होगी किल्लत
पराग डेयरी के संचालकों ने कहा है कि ईद पर दूध की किल्लत नहीं होगी। अतिरिक्त आपूर्ति के लिए डेयरी ने तैयारी कर ली है। दूध 46 रुपये प्रति लीटर की कीमत में सुबह से शाम तक उपलब्ध रहेगा। गौर हो कि इससे पहले शहर में कई बार ईद के मौके पर दूध की खपत बढ़ जाने से आपूर्ति लड़खड़ा जाती है।