जिस पते पर फैक्टरी दिखाई गई थी, वहां मौके पर खेती हो रही थी, जिसके नाम से यह फर्जी फर्म चल रही थी, वह व्यक्ति दिल्ली में रह रहा था। जांच के दौरान उसके चाचा खेत पर मिले। चाचा ने बताया कि यहां पर कोई व्यापार नहीं होता है।
जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने अलीगढ़ में गोंडा के गांव भमरौला में एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है, जिसमें बिना किसी फैक्टरी या ऑफिस के बोगस फर्म खड़ी कर 1.80 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम किया गया। इस संबंध में एसआईबी के उपायुक्त अजीत प्रताप सिंह की ओर से बोगस फर्म बीपी सर्विसेस के मालिक ब्रजेश कुमार पचौरी निवासी गांव भमरौला के खिलाफ गोंडा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन
जीएसटी अधिकारियों के अनुसार जालसाजों ने केवल कागजों पर फर्जी फर्में बनाकर फर्जी बिल प्रदर्शित किए और विभाग से करोड़ों रुपये का आईटीसी ले लिया। जिस पते पर फैक्टरी दिखाई गई थी, वहां मौके पर खेती हो रही थी, जिसके नाम से यह फर्जी फर्म चल रही थी, वह व्यक्ति दिल्ली में रह रहा था। जांच के दौरान उसके चाचा खेत पर मिले। चाचा ने बताया कि यहां पर कोई व्यापार नहीं होता है।
फर्म मालिक ने पंजीयन में दिया गया अपना फोन नंबर भी रिचार्ज नहीं कराया है। इस फर्म के डाटा एनालिसिस से पता चला कि जुलाई और अगस्त 2025 में बिना किसी खरीद के ही जीएसटीआर-3 बी में 90.07 लाख और जीएसटीआर -1 में 90.06 लाख रुपये आईटीसी हस्तांतरित की।
विज्ञापन
उपायुक्त अजीत प्रताप सिंह के मुताबिक प्रकाश में आया कि व्यापारी द्वारा बिना किसी आपूर्ति को प्राप्त किए ही केवल कागजों की आड़ में आईटीसी लाभ के लिए पंजीयन कराया। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 अनिल कुमार राम त्रिपाठी ने बताया कि बोगस (फर्जी) फर्मों की सघनता से जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि फर्जी तरीके से आईटीसी क्लेम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जोन की करीब 65 हजार फर्मों की जांच चल रही है।