बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर की रहने वाली दो नाबालिग बहनें बृहस्पतिवार देर शाम को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंच गईं। दोनों बहनों की संदिग्ध गतिविधि पर जीआरपी ने पूछताछ की तो बताया कि सैर सपाटे के लिए घर से निकली हैं। तत्काल परिवार वालों को सूचना दी गई। देर रात को परिवार वाले थाने पर पहुंच गए, जहां दोनों को उनके सुपुर्द कर दिया।
जीआरपी थाना इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के मुताबिक, थाने पर तैनात स्टाफ प्लेटफार्म पर गश्त कर रहा था। तभी उनको वेटिंग रूम के पास प्लेटफार्म दो पर दो बच्चियां दिखीं। संदिग्धता के आधार पर दोनों से पूछताछ की गई। पहले तो वह बरगलाने लगीं। मगर, बाद में घरवालों को बिना बताए सैर सपाटे के लिए निकलने की बात कुबूल की।
उनके पास से सोने के जेवर और 76 हजार की नगदी मिली, जिसे वह घर से लेकर आई थीं। उनके परिवार को सूचित किया गया। दोनों की उम्र 15 से 16 वर्ष है। देर रात को परिवार वाले जीआरपी थाने पर आए तो दोनों को उनके हवाले कर दिया।