दिल्ली से अलीगढ़ आने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन की बोगी में 3 मई देर रात टैक्स चोरी का माल मिला है। इसकी कीमत 50 लाख से अधिक आंकी गई है। सेल्स टैक्स की टीम ने माल को कब्जे में ले लिया है। 24 घंटे बाद भी इस माल का कोई मालिक सामने नहीं आया है।
रेलवे स्टेशन पर 3 मई देर रात बाॅबी ठाकुर नामक व्यक्ति ने आरपीएफ, सेल्स टैक्स व जीएसटी को सूचना दी कि दिल्ली से आने वाली ईएमयू पैसेंजर ट्रेन में लाखों रुपये का माल टैक्स चोरी कर लाया जा रहा था। ट्रेन के अलीगढ़ पहुंचने पर संयुक्त रूप से तीनों विभागों की टीमों ने तलाशी ली तो एक बोगी में 27 नग व 1315 किलोग्राम वजन से भरा माल मिला है। इसमें महंगे कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम व अन्य सामान रखा बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि पैकिंग खुलने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार बोगी से बरामद माल को दिल्ली के बाजारों से बिना जीएसटी और सेल्स टैक्स चुकाए ही खरीदा गया था। इसे अलीगढ़ में बेचे जाने की योजना थी। आरपीएफ और सेल्स टैक्स विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह माल कहां सप्लाई किया जाना था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह एक बड़े टैक्स चोरी रैकेट का हिस्सा है। जो दिल्ली एनसीआर से लेकर यूपी के अन्य शहरों में फैला हुआ है।
ट्रेन के जरिये माल को दिल्ली से अलीगढ़ लाया गया है। इसके मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी जानकारी की जा रही है कि इसमें किन-किन लोगों की मिलीभगत है। इन्हें चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सेल्स टैक्स की टीम माल की जांच कर रही है। यह आकलन किया जा रहा है कि कितने टैक्स की चोरी की गई है। - शशिकांत त्रिपाठी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे