अलीगढ़। थाना सासनीगेट क्षेत्र के भदेशी रोड स्थित माया गार्डन के पास ओम एंटरप्राइजेज शोरूम में मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने के दौरान एक गैस सिलिंडर और एक स्कूटी की पेट्रोल टंकी फटने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 35 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
थाना सासनीगेट क्षेत्र के पला होली चौक निवासी राम प्रकाश का भदेशी रोड स्थित माया गार्डन के पास ओम एंटरप्राइजेज के नाम से शोरूम है। यहां हार्डवेयर, टायर सीलिंग तथा बाथरूम फिटिंग सहित अन्य सामान का कारोबार किया जाता है। रात करीब 11:30 बजे अचानक शोरूम में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
विज्ञापन
आग की लपटें आसपास के मकानों तक पहुंचने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर रात करीब 1:30 बजे काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के घरों को बड़ी क्षति होने से बचा लिया गया।
शोरूम स्वामी के बेटे विवेक कुमार ने बताया कि आग से दुकान में रखा करीब 30 से 35 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। फायर स्टेशन बन्नादेवी के अग्निशमन अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।