एएमयू वीमेंस कॉलेज की छात्र यूनियन की अध्यक्ष अनम रियाज ने कहा है कि अच्छा खाना, छात्रावास और पढ़ाई के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। केवल यूनियन का पदाधिकारी बनने से समाधान नहीं होगा, इसके लिए संघर्ष करना होगा। वे मंगलवार को वीमेंस कॉलेज के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि बीते दो-तीन वर्ष में विवि में चार छात्र-छात्राओं की मौत हो चुकी है, इसकी कोई गहन जांच नहीं हुई। छात्राओं के मामले में अक्सर उनके चरित्र पर अंगुली उठा दी जाती है, जो सही नहीं है। अब ऐसा नहीं चलेगा। ऐसे हालात में काउंसिलिंग सेल की बहुत जरूरत है, जहां छात्राओं को भावनात्मक रूप से भी मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने कहा कि एएमयू कैंपस में छात्राओं को भी उतना ही सम्मान मिले, जितना छात्रों को मिलता है, क्योंकि दोनों बराबर हैं। यूनियन चाहे छह महीने की ही हो, लेकिन वह अपना काम पूरा करेंगी।
इससे पहले अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और सचिव सहित आठ कैबिनेट सदस्यों को गाउन पहनाकर गुलपोशी की गई। कैबिनेट सदस्यों में जुबेरिया रहमान, हिना मनाल, अमीना खानम, फातिमा हसन, सबीहा, खुशबू परवीन, महविश और जजिया मुर्तजा शामिल हैं।
प्रमुख मांगें : छात्राओं के सभी छात्रावास और हॉस्टलों की मरम्मत हो। उनके कमरों की बेहतर साफ सफाई कराई जाए। बिजली, पानी और रोशनी का इंतजाम बेहतर हों। वॉशरूम ठीक कराए जाएं। छात्राओं के लिए स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं और काउंसिलिंग का इंतजाम हो। मौलाना आजाद लाइब्रेरी से पुस्तकें मिलें। एएमयू के किसी भी डिपार्टमेंट में पढ़ने की सुविधा मिले। सुरक्षा के नाम पर परेशान न किया जाए। शिक्षकों की तैनाती की जाए।
मुझे 1090 वोट मिले, मैं वूमेन हेल्पलाइन
वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ की उपाध्यक्ष आयशा खान ने कहा कि उन्हें चुनाव में छात्राओं ने 1090 वोट दिए हैं। यह संख्या वूमेन हेल्पलाइन के नंबर 1090 से मिलती जुलती है, इसलिए वह छात्राओं की समस्याओं का समाधान करने की लिए हर वक्त तत्पर हैं।
उन्होंने कहा कि एक पारदर्शी शिकायत निवारण प्रकोष्ठ बनाया जाना जरूरी है। जहां हर शिकायत का तत्काल निवारण हो सके। इस प्रकोष्ठ की निगरानी करने का भी तंत्र बनाया जाए। उन्होंने कक्षाओं में शिक्षकों की कमी दूर करने पर जोर दिया। कहा कि आधा सेमेस्टर गुजरने के बाद शिक्षकों की तैनाती होती है। इसके बाद अचानक परीक्षा कार्यक्रम जारी हो जाते हैं। इसलिए परीक्षा कार्यक्रमों में कुछ दिनों का अंतराल रखा जाए।
हमें भी एनसीसी चाहिए... सेना में जाएंगे
वीमेंस कॉलेज छात्रसंघ की सचिव मरियम जान ने कहा है कि वीमेंस कॉलेज में भी एनसीसी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उनकी तरह ही कई छात्राएं एनसीसी में जाकर सेना में अफसर बनना चाहती हैं, देश की सेवा करना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि छात्राओं के हॉस्टल, छात्रावास में कमरों की साफ सफाई और मरम्मत को बेहतर किया जाए। इन कमरों के वॉशरूम की सुविधाएं बेहतर की जाएं, जिससे छात्राओं को परेशानी न हो। हॉस्टलों में दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता में सुधार हो। छात्राओं की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। प्रशासनिक भवन में जाने पर उनके साथ सम्मान सहित बात की जाए।
500 बेड का नया हॉस्टल बनेगा : कुलपति
शपथ ग्रहण समारोह की मुख्य अतिथि एएमयू कुलपति प्रो. नईमा खातून ने कहा कि छात्राओं के ठहरने की समस्या दूर करने के लिए 500 बेड का नया हॉस्टल जल्द बनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव यूजीसी को भेजा चुका है, मंजूरी मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। तब तक हामिद मंजिल के हेरिटेज भवन में भी हॉस्टल की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जल्द ही बेड सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराईं जाएंगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति समय से करने के लिए गर्मी की छुट्टियों में ही छात्राएं अपना पक्ष रखें, ताकि समय से अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति कराई जा सके। उन्होंने कहा कि खाना, कमरों की साफ सफाई और अन्य कार्यों में छात्राएं खुद से पहल करें, ताकि इस समस्या को दूर किया जा सके। कहा कि आईकार्ड से कोई भी छात्रा मौलाना आजाद पुस्तकालय से पुस्तकें ले सकती है।
मां की भूमिका में नजर आईं कुलपति : एएमयू कुलपति बनने के बाद पहली बार मंगलवार को प्रो. नईमा खातून वीमेंस कॉलेज की छात्र यूनियन को संबोधित कर रही थीं। जिसकी खुशी उनके चेहरे पर साफ दिख रही थी, उन्होंने दिल खोल कर बात की। जैसे कोई मां अपनी ही बेटियों की मांग पूरी कर रही हो।
गौर हो कि प्रो. नईमा खातून ने 1980 के दशक में इसी वीमेंस कॉलेज से विद्यार्थी जीवन की शुरुआत की थी। यहां की स्टूडेंट यूनियन में वे बतौर सचिव काम भी कर चुकी हैं। इसके बाद वे यहां शिक्षिका, प्रोफेसर और प्रिंसिपल भी बनीं। यहां से उनका सफर विवि के उच्च पदों की ओर आगे बढ़ा और वह कुलपति बनीं। इसलिए वह हर खामी से रूबरू हैं।
बीच में चले गए अध्यक्ष नोमान
इस समारोह में शामिल हुए छात्रसंघ अध्यक्ष नोमान अध्यक्ष अनम रियाज का संबोधन शुरू होने से पहले ही चले गए। अध्यक्ष अनम ने अपने भाषण में इसका जिक्र किया।