मंगलवार को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर आत्महत्या करने के इरादे से पहुंची एक महिला की जीआरपी पुलिस ने जान बचाई। वह बदायूं जिले की रहने वाली है और पति से नाराज होकर घर से निकली थी।
विज्ञापन
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म पर महिला अकेले और गुमसुम बैठी मिली। महिला कांस्टेबल सपना ने उससे बातचीत की और परेशानी का कारण पूछा। महिला ने बताया कि वह पति से नाराज होकर आत्महत्या करने के इरादे से स्टेशन पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया। इसके बाद उसके परिजनों का मोबाइल नंबर लेकर उन्हें सूचना दी गई। परिजनों के जीआरपी थाने पहुंचने पर महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।