गोपाष्टमी पर मंगलवार को शहर भर में विभिन्न आयोजन हुए। गो माता का विधि-विधान से पूजन कर परिक्रमा की गई। गोशालाओं में गोमाता के जयकारे गूंजते रहे।
नगला मसानी स्थित पंचायती गोशाला में श्री गो माता सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य आयोजन हुआ। गो भक्त गोशाला पहुंचे और परिक्रमा की। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायिका सीमा दुआ ने गो माता और राधारानी के भजनों से समां बांध दिया। मौके पर समिति अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, लक्ष्मी नारायण, अविनाश कोल, सीमा, ममता गुप्ता, संध्या, प्रभा, वंदना आदि का सहयोग रहा।
सासनी गेट स्थित श्री राधारमण गोशाला में श्री राधारमण गो सेवा समिति के तत्वावधान में दिव्य श्री गिरिराज दर्शन और भजन संध्या हुई। समाजसेवी विष्णु भैया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रसिद्ध भजन गायक मुकुल द्विवेदी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। यहां समिति अध्यक्ष आरके जिंदल, सचिव गोपाल वार्ष्णेय, समाजसेवी सुभाष गुप्ता लिटिल, संयोजक दीपेंद्र गुप्ता, राजीव माहेश्वरी आदि थे।
जतनपुर चिकावटी स्थित श्री श्रीविद्या धाम आश्रम में महामंडलेश्वर स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज के सानिध्य में गोपाष्टमी मनाई गई। यहां आचार्य गौरव शास्त्री, रवि शास्त्री और विनीत शास्त्री ने वैदिक विधि-विधान से गायों का पूजन किया और उन्हें शाल ओढ़ाई। तेजवीर सिंह, शिब्बू अग्रवाल, शैलेंद्र सिंह, ऋषभ सिंह, रिद्धिमा सिंह, तृप्ति सिंह आदि थे।
जेल रोड स्थित आवास-विकास कॉलोनी के श्री राधा माधव मंदिर में श्री हरिनाम संकीर्तन हुआ। यहां मुकेश, हर्ष, विक्रम, लाखन, सचिन, विकास, प्राची, योगमाया, विनीत, कंचन, रेनू आदि थे। श्री अचलेश्वर धाम में गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में मातारानी का भव्य शृंगार किया गया। यहां पुजारी हिमांशु गोस्वामी, अमन वार्ष्णेय, अनिल बजाज, पंकज सराफ, शिव कुमार, राजू गणपत आदि थे। रावण टीला स्थित चेतन आश्रम में साध्वी पुनीता चेतन ने कहा कि गो माता भारतीय संस्कृति और परंपरा की आधारशिला हैं।