क्वार्सी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में शनिवार को फेरीवाले और खरीदार बनकर पहुंचे चार बदमाशों ने एक महिला को ठगी का शिकार बना लिया। आरोपी महिला को पांच हजार रुपये और गैस चूल्हा सहित अन्य सामान देकर उससे 25 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, दो युवक फेरीवाले बनकर महिला के घर पहुंचे और सस्ते दामों पर सामान बेचने लगे। इस दौरान दो अन्य युवक खरीदार बनकर पहुंचे। उन्होंने बेटी की शादी के लिए सामान खरीदने की बात कहते हुए 25 हजार रुपये में सौदा तय किया।
इसके बाद पांच हजार रुपये देकर बाकी 20 हजार रुपये घर से लाकर देने का भरोसा दिया। उन्होंने महिला से सामान और रुपये अपने पास रखने को कहा, लेकिन वापस नहीं लौटे। पीड़िता ने थाने में शिकायत की है। मंगलवार को पुलिस ने कॉलोनी में सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में महिला से बात की गई तो उन्होंने अपना नाम बता दिया, लेकिन बाद में कॉल कर कहा कि उनसे किसी ने कहा है कि अगर किसी मीडियाकर्मी या अन्य को बताएंगे तो आरोपी पकड़े नहीं जाएंगे।