इस प्रकरण में एक्स पर हुई पोस्ट में जिस सीनियर छात्र पर आरोप लगा था, उस छात्र को 20 सितंबर को ही एएमयू के आंबेडकर हॉल में पीटा गया था। उसके संबंध में सीनियर छात्र द्वारा प्रॉक्टर कार्यालय को तहरीर भी दी गई थी। जिसमें मारपीट व हवाई फायरिंग का आरोप लगाया था। उसी छात्र पर आरोपों के बाद प्रॉक्टर कार्यालय इसे छात्र गुटों की रार से जोड़कर जांच कर रहा है।
जिस छात्र पर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई थी। उस छात्र ने शनिवार की घटना का उल्लेख करते हुए रविवार को दिन में एक लिखित शिकायत दी थी। जिसमें उसने विधि विभाग के ही साथी चार छात्रों पर आंबेडकर हॉल में मारपीट व हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया था। साथ में यह भी उल्लेख किया था कि यह लोग उसे किसी छात्रा के मामले में झूठा फंसा सकते हैं। अभी उसकी जांच शुरू की जाती। उसी बीच देर रात छात्रा के बेहोश होने पर उसके खिलाफ आरोप लगा दिया गया।
प्रॉक्टर प्रो. वसीम अली के अनुसार यह मामला छात्रों की आपसी गुटबाजी का समझ में आ रहा है। जिसमें हमारे स्तर से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के छात्रों की जांच के बाद कार्रवाई तय की जाएगी। शिकायत देने वाला छात्र भी पूर्वांचल का है। वहीं आरोपी छात्र भी दूसरे जिलों के है। मारपीट के आरोप में दी गई तहरीर कार्रवाई के लिए सिविल लाइंस पुलिस को भेज दी गई है। सीओ तृतीय सर्वम सिंह के अनुसार मारपीट के संबंध में दो दिन पहले छात्र द्वारा दी गई तहरीर मिल गई है। उसमें सीसीटीवी आदि के आधार पर जांच की जा रही है।