रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म सात पर रविवार की सुबह एक युवती प्रयागराज-नई दिल्ली एक्सप्रेस के आगे जान देने के इरादे से खड़ी हो गई। गनीमत रही कि आरपीएफ की टीम ने उसे सही समय पर देख लिया और दौड़कर उसकी जान बचा ली। युवती ने पूछताछ में परिवार वालों से झगड़ा होने की बात बताई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर के मुताबिक वाकया सुबह आठ बजे के करीब का है। प्रयागराज-नई दिल्ली एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर सात पर आने वाली थी, तभी एक 26 वर्षीय युवती प्लेटफार्म से उतरकर पटरी पर जाकर खड़ी हो गई। यह देख यात्रियों ने शोर मचा दिया। आरपीएफ दरोगा आरबी मीणा और ओमवीर सिंह उस समय वहां ड्यूटी पर थे। उन्होंने दौड़कर महिला को पटरी से हटाया। थाने पर लाकर उससे पूछताछ की तो उसने स्वयं को कोतवाली इलाके की मूल निवासी बताया। परिवार वालों से झगड़ा होने पर वह जान देने आ गई थी। उसके पास से मिले मोबाइल नंबर पर फोन कर परिवार वालों को बुलाया गया और सकुशल उनके सुपुर्द किया गया।