युवक को परिवार ने घर से निकाला
- फोटो : Amar Ujala
महानगर की कुवंर नगर कॉलोनी के एक युवक को कानपुर की गैर बिरादरी की युवती से प्रेम विवाह करने की सजा परिवार वालों ने उसे घर से बेदखल करके दी है। साथ ही परिवार अब दोनों की जान का दुश्मन बन गया है। इधर, युवती का परिवार भी विरोध में है। प्रेमी युगल सात दिन से स्टेशन और बस अड्डे पर रात गुजारने को मजबूर है।
मंगलवार को यह मामला उस वक्त प्रकाश में आया जब पूर्व मेयर शकुंतला भारती प्रेमी युगल के समर्थन में आ गईं। उन्होंने क्वार्सी पुलिस को सूचना देकर दोनों को सुरक्षा और छत दिलाने की बात रखी। प्रेमी युगल को देर रात क्वार्सी पुलिस थाने पर ले गई। युवक के परिवार को भी बुला लिया। देर रात तक पुलिस दोनोंं पक्षों में सुलह समझौता कराने की कोशिश में लगी रही।
वाकये के अनुसार युवक चंद्रशेखर प्रजापति निवासी कुंवर नगर कालोनी तीन साल पहले अपने दोस्त के साथ कानपुर गया था। वहां वह कॉटन के कपड़े का काम करने लगा। इसी दौरान रूरा थाना क्षेत्र की युवती निशा माहौर से उसकी मुलाकात हो गई। डेढ़ साल पहले दोनों ने कानपुर देहात में स्थित दुर्गा माता मंदिर में शादी रचा ली। इधर, दोनों के परिवार वाले उनके लिए रिश्ता तलाशने लगे थे। इस पर प्रेमी युगल ने एक माह पहले अपने परिवार वालों को प्रेम विवाह की सच्चाई बता दी। इस पर युवती के घरवालों ने उस पर बंदिशें लगा दीं।
चंद्रशेखर के अनुसार पत्नी निशा सात दिन पहले अपना घर छोडक़र यहां चली आई। यहां उसे घर पर लेकर गया तो परिवार वालों ने दोनों को घर से निकाल दिया। इधर, पत्नी के घरवालों ने भी ऐसा ही बर्ताव किया। इसके चलते दोनों सात दिन से स्टेशन और बस अड्डों पर रातें गुजरनी पड़ रहीं हैं। इधर, मंगलवार रात पूर्व मेयर शकुंतला भारती को पूरी कहानी विश्नू सिंह जाट निवासी क्वार्सी बाईपास के मध्यम से पता लगी तो वह प्रेमी युगल के समर्थन में आ गईं। वह क्वार्सी बाईपास पर प्रेमी युगल से मिलने पहुंची। पुलिस बुलाकर दोनों थाने भेज दिए। निशा ने मामले की तहरीर क्वार्सी पुलिस को दी है। चंद्रशेखर के परिवार को भी थाने पर बुलाया गया है।
युवती ने अपनी और अपने पति की जान को खतरा बताते हुए तहरीर दी है। दोनों के परिवार वालों से संपर्क कर समझौता कराने की कोशिश जारी है। अगर, परिवार वाले नहीं माने तो तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी-
रविंद्र कुमार सिंह, इंस्पेक्टर, थाना क्वार्सी